घनाक्षरी छन्द विधान - में तो जैसे राजभोग है घनाक्षरी

 

आठ आठ तीन बार, और सात एक बार,

इकतीस अक्षरों का योग है घनाक्षरी ।

 

सोलह-पंद्रह पर, यति का विधान मान,

मंगल-करण, शुभ-योग है घनाक्षरी ।

 

अन्तिम अक्षर सदा, दीर्घ रखिये 'नवीन',

कविता जोगनिया का, जोग है घनाक्षरी ।

 

शायद ही कोई कवि, इसको न जानता हो,

छंदों में तो जैसे राज-भोग है घनाक्षरी ।।

 

********

 

अक्षरों / वर्णों की गणना :-

 

आठ आठ तीन बार,

११ ११ ११ ११ = ८

और सात एक बार,

११ ११ ११ ११ = ८

इकतीस अक्षरों का

११११ १११ १ = ८

योग है घनाक्षरी|

११ १ ११११ = ७

सोलह-पंद्रह पर,

१११ १११ ११ = ८

यति का विधान मान

११ १ १११ ११ = ८

मंगल करण शुभ

१११ १११ ११ = ८

योग है घनाक्षरी|

११ १ ११११ = ७

अन्तिम अक्षर सदा

१११ १११ ११ = ८

दीर्घ रखिए नवीन

११ १११ १११ = ८

कविता जोगनिया का

१११ ११११ १ = ८

जोग है घनाक्षरी|

११ १ ११११ = ७

शायद ही कोई कवि

१११ १ ११ ११ = ८

इसको न जानता हो

१११ १ १११ १ = ८

छंदों में तो जैसे राज-

११ १ १ ११ ११ = ८

भोग है घनाक्षरी|

११ १ ११११ = ७

कहीं बच्चे पिता के प्यार, माँ के दूध को तरसें - नवीन

नया काम

कहो तो कौन है जिस को यहाँ वुसअत नहीं मिलती
जिसे फुर्सत नहीं मिलती उसे सुहबत नहीं मिलती

तेरा ग़म यूँ है जैसे ख़ुद को चूँटी काटता हूँ मैं
बदन को टीस मिलती है फ़क़त, हरकत नहीं मिलती

मैं इस मौक़े को अपने हाथ से कैसे फिसलने दूँ
मुहब्बत में रक़ीबों को बहुत मुहलत नहीं मिलती

वफ़ा के आशियाने में सभी के सर सलामत हैं
भले इस आशियाने की ज़मीं को छत नहीं मिलती

कलेज़ा चीर कर उस के लहू से रौशनी करना
हमारे दौर में उस तौर की वहशत नहीं मिलती

न जाने कब का ये सारा ज़माना मिट चुका होता
अगर इन्सान को इन्सान से इज्ज़त नहीं मिलती

------

हरिक बीमार को उपचार की नेमत नहीं मिलती|
ये दुनिया है, यहाँ सर पे सभी के छत नहीं मिलती|१|

कहीं बच्चे पिता के प्यार, माँ के दूध को तरसें|
कहीं माँ-बाप को, औलाद से इज्ज़त नहीं मिलती|२|

शरीफ़ों की सियासत की विरासत की ये हालत है|
रियायत मिलती है, लेकिन, कभी राहत नहीं मिलती|३|

हमें तो ज़िन्दगी में दोस्त का चेहरा दिखा हरदम|
सिवा इस के, कोई भी दूसरी सूरत नहीं मिलती|४|

तुम्हीं बतलाइये साहब, उसे महफिल कहें कैसे|
जहाँ हर एक आदम जात को इज्ज़त नहीं मिलती|५|

तरक्की किस तरह आये हमारे मुल्क़ में कहिये।
यहाँ मेहनत मशक्क़त को सही क़ीमत नहीं मिलती|६|

जिसे देखो वही मसरूफ़ियत के गीत गाता है|
हमें भी दीन दुनिया से बहुत फुर्सत नहीं मिलती|७|


मुफ़ाईलुन मुफ़ाईलुन मुफ़ाईलुन मुफ़ाईलुन 
1222 1222 1222 1222
बहरे हजज मुसम्मन सालिम 

चार नवगीत

नवगीत - १ - यमुना कहे पुकार

यमुना कहे पुकार
तुमरे बिन हे नटवर नागर
कौन करे उद्धार

छोटे-मध्यम उद्यम, सबका -
दूषण यमुना में बहता
बाँध बना है जब से, तब से
पानी भी थम के रहता
पंक पटा है
तट से तल तक
दूषित है जल धार
तुमरे बिन ...................

पल-छिन दूभर होता जाता
जल के जीवों का जीवन
मन में श्रद्धा अतिशय, लेकिन-
पान करें ना वैष्णव जन
अरबों खरबों के आबंटन
नेता गए डकार
तुमरे बिन .....................

नवगीत - २- मजदूरी का मोल

मजदूरी का मोल
यहाँ अधिक, पर
वहाँ लगे कम
ये कैसा है झोल
ओ भैया ये कैसा है झोल

कस्बों में रिक्शे वाले
पाँवों से रिक्शे हाँक रहे
सर पे तपती धूप
बदन के हर हिस्से से
स्वेद बहे

ढो कर हम को एक मील
दस-बीस रुपल्ली मात्र गहे
गमछे से फिर पौंछ पसीना
मुँह से मीठे बोल कहे

उस पर हम
तन कर उस से
बोलें बस कड़वे बोल
ओ भैया ये कैसा है झोल.............

शहरों के ऑटो - टेक्सी वालों के
नखरे क्या बोलें
मन में हो तो आवें
मन में ना हो तो - फट ना बोलें

लें समान की अलग मजूरी
जो चाहें जैसा बोलें
उस पर हम डरते डरते
उनको ड्राईवर भैया बोलें

जो मांगें
खामोशी से
दे देते हैं दिल खोल
ओ भैया ये कैसा है झोल


नवगीत - ३ - छंदों के मतवाले हम

छंदों के मतवाले हम
है प्यार हमें भाषाओं से
प्रारूपों के रखवाले हम

कहना सुनना
चिंतन सुमिरन
पढ़ना लिखना
अपना जीवन

तुलसी की धरती पर जन्मे
कबिरा के घरवाले हम
छंदों के मतवाले हम ..................

बिम्ब हमारी
ख़ास धरोहर
जोर हमारा
परिवर्तन पर

साहित की सेवा करने को
बैठे - लंगर डाले हम
छंदों के मतवाले हम ....................

नवगीत - ४ - चल चलें इक राह नूतन
चल चलें इक राह नूतन

भय न किंचित
हो जहाँ पर
पल्लवित सुख
हो निरंतर
अब लगाएं
हम वहीँ पर
बन्धु - निज आसन

द्वेष - ईर्ष्या
को न प्रश्रय
दुर्गुणों की
हो पराजय
हो जहाँ बस
प्रेम की जय
खिल उठे तन मन

तीसरी समस्या पूर्ति - कुण्डलिया - सातवीं किश्त - खट-खट किट-किट कीजिये, खुले अजायब द्वार

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

इस चिलचिलाती गर्मी में मथुरा जाने से पहले -

कुण्डलिया छन्द पर आमंत्रित इस तीसरी समस्या पूर्ति के सातवें सत्र में आज ग्यारहवें और बारहवें कवियों की कुण्डलिया पढ़ते हैं हम लोग| इन छंदों के साथ इस आयोजन में प्रकाशित कुंडलियों की संख्या हो जाती है अब ३१| समस्या पूर्ति मंच को शुरू से ही अपना आशीर्वाद प्रदान करने वाले आदरणीय रूप चन्द्र शास्त्री जी के छंदों को पढ़ते हैं पहले:-



सुन्दरियाँ इठला रहीं, रन वर्षा के साथ।
अंग प्रदर्शन कर रहीं, हिला-हिला कर हाथ।।
हिला-हिला कर हाथ, खूब मटकाती कन्धे।
खुलेआम मैदान, इशारे करतीं गन्दे।।
कह मयंक कविराय, हुई नंगी बन्दरियाँ।
लाज-हया को छोड़, नाचती हैं सुन्दरियाँ।।
[अरे भाई ........कोई तो लिखो.... पुणे वाली टीम की नुत्यांगनाओं के बारे में]

भारत में आतंक की, आई कैसी बाढ़।
भाई अपने भाई से, ठान रहा है राड़।।
ठान रहा है राड़, चाल है बदली-बदली।
क्यों है कण्टक-ग्रस्त, सलोना पादप कदली।
कह मयंक कविराय, हुए सज्जन हैं आरत।
कैसे निज सम्मान, पुनः पायेगा भारत??
[सचमुच भद्र जन आरत हैं]

कम्प्यूटर अब बन गया, जन-जीवन का अंग।
कलियुग ने बदले सभी, दिनचर्या के ढंग।।
दिनचर्या के ढंग, हो गयी दुनिया छोटी।
देता है यह यन्त्र, आजकल रोजी-रोटी।।
कह मयंक कविराय, यही नवयुग का ट्यूटर।
बाल-वृद्ध औ’ तरुण, सीख लो अब कम्प्यूटर।
[सीख रहे हैं सर, सभी]

:- रूपचंद्र शास्त्री मयंक




भारत भूमि सुहावनी, बसती अपनी जान|
जीवन में सबसे बड़ा, माता का सम्मान||
माता का सम्मान, मातु या धरती माता|
हमको इनके हेतु, प्राण देना है आता|
कह 'झंझट' झन्नाय, रहो हर पल सेवारत|
बने विश्वशिरमौर, हमारा प्यारा भारत|१|
[आपकी झन्नाहट सही है बन्धु]

कम्पूटर की क्रांति ने, बदल दिया संसार|
खट-खट किट-किट कीजिये, खुले अजायब द्वार||
खुले अजायब द्वार, खबर दुनिया की लीजै|
कई दिनों के काम, पलक झपकाते कीजै|
सुन 'झंझट', झंकार - गीत - संगीत भी सुन्दर|
बड़े काम की चीज़ - हुई, भैया! कम्प्यूटर|२|
[अजायब घर तो सुना था, पर ये अजायब द्वार का प्रयोग वाकई जबरदस्त रहा]


सुन्दरियाँ संसार में , खोलें सुख के द्वार|
जीवन भरतीं प्रेम से , पल-पल उपजे प्यार||
पल-पल उपजे प्यार , सुमन सी सुन्दर सोहैं|
चन्दन जैसा अंग-अंग महके मन मोहैं|
कह 'झंझट' हरषाय, वाह धरती की परियाँ|
करतीं जीवन धन्य , धन्य सुन्दर सुन्दरियाँ|३|
['झंझट' हर्ष के साथ!!!! पहली बार देखा..........भई वाह| और 'चंदन जैसा अंग' वाली पंक्ति तो जबरदस्त रही बन्धु]

:-सुरेंद्र सिंह झंझट

एक बात आप लोगों को जो अब तक नहीं बताई, वो अब बता देता हूँ| इस समस्या पूर्ति में जो कंप्यूटर शब्द लिया गया है - उसे प्रस्तावित किया था आदरणीया पूर्णिमा बर्मन जी ने| और शायद ये ही पहले 'कंप्यूटर कवियत्री' के नाम से भी लिखती थीं| योगराज प्रभाकर, शास्त्री जी के अलावा 'भारत' शब्दका समर्थन किया था पंकज सुबीर जी ने भी| सुन्दरियाँ शब्द लेने का सारा इलज़ाम में अपने सर पे लेता हूँ.................नहीं नहीं मैं उन का नाम यहाँ नहीं बता सकता भाई ............................उन्होंने मना किया है|

भारत शब्द पर एक से बढ़ कर एक कुंडली छन्द पढ़ने को मिले हैं अब तक इस आयोजन में और आशा है कि कुछ और भी विलक्षण छन्द पढ़ने को मिलें| कंप्यूटर शब्द पर एक ही जगह इतने सारे छन्द होना भी एक उपलब्धि रहेगी इस आयोजन की|

एक हफ्ते मथुरा-दिल्ली रहूँगा| मौजूदा दौर के एक प्रतिष्ठित सरस्वती पुत्र के चरण स्पर्श करने के मोह का संवरण नहीं हो पा रहा अब| लौटने पर उन के बारे में भी आप से बतियाऊंगा| वहाँ साइबरालयों की उपलब्धता, बिजली देवी की मेहरबानी और इन्टरनेट देवता की अनुकम्पा रही तो आप लोगों से जुड़े रहने की लालसा जरुर रहेगी| तब तक के लिए ............जय माँ शारदे|

मैं

मैं


मैं
मैं
मैं
ये बकरी वाली 'में-में' नहीं है

ये वो 'मैं' है
जो आदमी को
शेर से
बकरी बनाता है..............

मैं,
हर बार आदमी को,
शेर से बकरी नहीं बनाता...........

कभी कभी
बकरी को भी,
शेर बना देता है................

और कभी कभी,
उस का,
स्वयँ से,
साक्षात्कार भी करा देता है..............

'मैं'
किस के अंदर नहीं है?
बोलो-बोलो!!!

हैं ना सबके अंदर?
कम या ज़्यादा!!!!!!

और भी बहुत कुछ कहा जा सकता है
इस 'मैं' के बारे में............

पर डरता हूँ मैं भी
उस कड़वे सत्य को
सार्वजनिक रूप से
कहते हुए.................

इसलिए
सिर्फ़ इतना ही कहूँगा
कि मैं
इस 'मैं' का दीवाना तो बनूँ
पर, उतना नहीं-
कि ये 'मैं' तो परवान चढ़ जाए
और खुद मैं-
उलझ के रह जाऊँ,
इस परवान चढ़े हुए,
'मैं' के द्वारा बुनी गयी-
ज़ालियों में............

आप क्या कहते हैं?


मेरी इच्छा थी कि सब से ज्वलंत पर अक्सर ही दरकिनार कर दिए जाने वाले इस विषय 'मैं' पर एक बहुत ही साधारण भाषा में ऐसी कविता लिखूं, जिसे समझने के लिए शब्द कोष या दिमागी घोड़े दौडाने की जरुरत न पड़े| मैं अपने प्रयास में कितना सफल हो पाया हूँ, आप लोग ही बता पायेंगे|

तीसरी समस्या पूर्ति - कुण्डलिया - छठी किश्त - सुंदरियाँ इठला रहीं रन-वर्षा के साथ

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

समस्या पूर्ति मंच द्वारा कुण्डलिया छन्द पर आयोजित इस आयोजन में अब तक हम ८ सरस्वती पुत्रों के २५ कुण्डलिया छन्द पढ़ चुके हैं| अब पढ़ते हैं दो और सरस्वती पुत्रों को| भाई दिलबाग विर्क जी पहली बार इस आयोजन में शामिल हुए हैं और छन्द साहित्य में उन का रुझान देखते हुए आशा बँधती है कि और भी कई कवियों से आने वाले समय में और भी सुन्दर सुन्दर छन्द पढ़ने को मिलेंगे| आदरणीय बृजेश त्रिपाठी जी ने भी अस्वस्थता के बीच समय निकाल कर अपने छन्द भेजे हैं| मंच इन दोनों का सहृदय आभार प्रकट करता है|




कम्प्यूटर से सीखिये , मुन्ना ज्ञान-विज्ञान |
पढ़ पाओगे आप यूँ , पहले से आसान ||
पहले से आसान, पढ़ाई हो जाएगी|
विद्वानों के साथ, भेंट भी हो पाएगी|
करो सही उपयोग , बनाओ इसे न बदतर|
कहत ' विर्क ' कविराय ,सहायक है कम्प्यूटर|१|
[अध्यापक महोदय अब हमें विश्वास है कि आप अपने शिष्यों को छन्द ज्ञान अवश्य देंगे]


भारत देश महान का , तुम खुद समझो हाल |
कूड़ा करकट बीनते , नौनिहाल बेहाल ||
नौनिहाल बेहाल ,झेलते हैं लाचारी |
मिले नहीं उपचार , गरीबी बनी बिमारी|
'विर्क' समझ ना पाय, विश्व के आगे - क्यूँ? नत!!!
दया-धर्म का दूत , जगद गुरु अपना भारत |२|
[पीड़ा को सही शब्द प्रदान किए हैं आपने]

:- दिलबाग विर्क






सुंदरियाँ इठला रहीं, रन वर्षा के साथ |
चौका-छक्का जब लगे, उछलें दो दो हाथ||
उछलें दो दो हाथ, तभी बालर खिसियाते|
फील्डिंग करके चुस्त,एक दो विकिट उड़ाते|
नहीं व्यर्थ हों बोर, कभी दर्शक मंडलियाँ|
शामिल कीं इस हेतु, मेच में ये सुंदरियाँ|१|
[अंकल आप भी देखते हैं २०-२० मेच!!!!!!!! और !!!!!!!!!!]


भारत ने फिर धार कर, विश्व-विजय का ताज|
आनंदित, फिर, कर दिया, सारा देश समाज||
सारा देश समाज , टीम का मोहक चहरा|
माही औ युवराज, सचिन, भज्जी औ नहरा|
'व्यथित आस' कर पूर्ण, विरोधी को कर गारत|
किया 'विश्व-कप' नाम, ख़ुशी से रोया भारत|२|
[सच में त्रिपाठी जी अमूमन हर हिन्दुस्तानी की आँखें नम हो आयीं थीं उस वक्त]


कम्पुटर कब गजवदन ,कब माउस में शक्ति|
पत्नी को नाराज़ कर, फिर भी पाली भक्ति||
फिर भी पाली भक्ति, घराणी हुई उपेक्षित|
कुंठित मन की रिक्ति, नहीं पा सकी अपेक्षित|
व्यथित प्रिया यदि मित्र, रहें खुशियाँ भी हटकर|
ये ना ठीक सलाह , ज़रा त्यागो कम्प्यूटर |३|
[तजुर्बे की बात कह रहे हैं त्रिपाठी जी]
:- बृजेश त्रिपाठी

इन दोनों सरस्वती पुत्रों को पढने के बाद अब हम प्रतीक्षा करते हैं अन्य साहित्य के उपासकों के छंदों के आने की| तब तक आप सभी इन साहित्य सुमनों की सुगंध से सराबोर हो कर अपनी टिप्पणियाँ इन पर न्यौछावर कीजिएगा |

जय माँ शारदे!!!

तीसरी समाया पूर्ति - कुण्डलिया - सुंदरियाँ ये ब्लॉग्स की ! वल्लाऽऽ ! ग़ज़ब रुआब

सभी साहित्य रसिकों का पुन: सादर अभिवादन


पिछली पोस्ट डरते डरते डाली थी, सोचा मित्रों को कुछ अनुचित न लग जाए, परन्तु सकारात्मक परिणाम मिलने से अब चैन की साँस मिली| आइये आज पढ़ते हैं बीकानेर वाले राजेन्द्र भाई के कुण्डलिया छन्दों को| बीकानेर की भुजिया की तारी'फें तो बहुत सुनी थीं, पर वहाँ की सुन्दरियाँ भी इत्ती सो'णी होती हैं, अब राजेन्द्र भाई को पढ़ कर पता चला| भाई किसी को इत्तेफाक न हो तो वो भी पढ़ के देख ले :-




सुंदरियाँ ये ब्लॉग्स की

सुंदरियाँ ये ब्लॉग्स की ! वल्लाऽऽ ! ग़ज़ब रुआब|
दिल से मैं करता इन्हें… अदब सहित आदाब||
अदब सहित आदाब ; ख़ूब दिखलातीं ये दम|
घर-ऑफिस के साथ नेट पर गाढें परचम|
'स्वर्णकार' कविराय, मुग्ध पढ-पढ टिप्पणियाँ|
धन्य ‘शब्द स्वर रंग’ - पधारें जब सुंदरियाँ|१|
[मालुम पड़ रहा है भइये, ब्लोग्स की सुन्दरियाँ यदि नाराज हो जाएँ तो आप ही झेलना]


सुंदरियाँ सो’णी लगें

सुंदरियाँ सो’णी लगें, जब वे डालें घास|
वरना क्या है ख़ास ? सब - लगती हैं बकवास||
लगती हैं बकवास ; घमंडिनि-दंभिनि सारी|
प्रौढ़ा तरुणी और कामिनी कली कुमारी|
चांदी-सिक्के जेब - ठूँस, करिए रँगरलियाँ |
आगे-पीछे लाख-लाख डोलें सुंदरियाँ|२|
[भाभ्भीजी नें बतानो पड़ेग्गो]


केशर कली कटार

सुंदरियाँ नीकी लगें , मीठे उन के बैन|
अधर रसीले , मोहिनी - छवि, रतनारे नैन||
छवि रतनारे नैन ; निरख’ सुख-आनँद उपजै|
रचना सुंदर सौम्य - निरख प्रभु की, मन रीझै||
केशर कली कटार, कनक की कछु कामिनियाँ|
स्वर्णकार सुख देय, सहज सुवरण सुंदरियाँ|३|
[मार डाला पाप्पड वाले को यार]

तुम्हारे रूप के सामने - पानी भरें सुन्दरियाँ

सुंदरियाँ देखी यहाँ, हमने लाख हज़ार|
नहीं कहीं तुम-सी प्रिये! छान लिया संसार||
छान लिया संसार; सुंदरी तुम सुकुमारी|
छुई मुई की डाल ! सुशोभित केशर-क्यारी||
मंजरियों सी अंग-गंध ; कुंतल वल्लरियाँ|
सम्मुख तुम्‍हरे रूप - भरें पानी सुन्दरियाँ|४|
[शुक्रिया राजेन्द्र जी अपने विद्यार्थी काल के अनुभव साझा करने के लिए]

कम्प्यूटर

कम्प्यूटर जी आप तो, बहुत ग़ज़ब की चीज़|
करें भला ता’रीफ़ क्या, हम जैसे नाचीज़!!
हम जैसे नाचीज़ ; सभी की छुट्टी कर दी|
कोटि-कोटि का ज्ञान , भरा जिसकी क्या गिनती|
बड़ी ज़रूरत आप बने हर घर हर दफ़्तर|
तुमको लाख सलाम ! महाज्ञानी कम्प्यूटर|५|
[जय हो]

भारत मेरी जान है

भारत मेरी जान है , इस पर मुझको नाज़|
नहीं रहा बिल्कुल मगर, यह कल जैसा आज||
यह कल जैसा आज ; गुमी सोने की चिड़िया|
बहता था घी-दूध आज सूखी हर नदिया||
करदी भ्रष्टाचार - तंत्र ने, इसकी दुर्गत|
पहले जैसा, आज - कहाँ है? मेरा भारत|६|
[सही बन्धु एक दम सही]


आंखें फड़कें देख कर सुंदरियाँ


सुंदरियाँ इक साथ जब, दिख जातीं दो – चार|
बढ़ती दिल की धुकधुकी, चढ़ता सर्द बुखार||
चढ़ता सर्द बुखार; बचाना तू ही रब्बा|
लग ना जाए आज कहीं इज़्ज़त पर धब्बा|
देखी हैं हर ठौर, टूटती टाँग-खुपडियाँ|
जब जब फडकें आँख - देख - सो'णी सुंदरियाँ|७|
[चलो देर आयद दुरुस्त आयद, अब भाभ्भीजी को नहीं बतान्ग्गो]

-राजेन्द्र स्वर्णकार

भारतीय छन्द साहित्य की सेवा स्वरूप शुरू किये गए इस आयोजन में आप सभी के अनमोल सहयोग के लिए एक बार फिर से आभार| इस आयोजन को आगे बढाने के लिए आप लोगों से फिर से सविनय निवेदन है कि अपने अपने छन्दों को सुधार कर यथाशीघ्र भेजने की कृपा करें| जिन लोगों ने अब तक नहीं भेजें हैं, वो भी अब अपने छन्द भेजने की कृपा करें| मथुरा जाने से पहले, कुण्डली छन्द पर आयोजित इस तीसरी समस्या पूर्ति का समापन करने का विचार है ताकि उस के बाद घनाक्षरी कवित्त पर चर्चा आरम्भ की जा सके|

टाइप-राय्‍टर पा गया, यादों में स्थान [ कुण्डलिया]

टकटक की आवाज़ अब, नहीं सुनेंगे कान|
टाइप-राय्‍टर पा गया, यादों में स्थान||
यादों में स्थान, बानगी देखो प्यारे|
कम्‍प्यूटर का दौर, कुलाँचें भर-भर मारे|
गोदरेज-बोयेस, और सहती भी कब तक|
उसने आख़िरकार , बंद करवा दी टकटक|१|

दुनिया का दस्तूर भी, कैसा यार विचित्र|
आज जिसे छूते नहीं, कल हो वही पवित्र||
कल हो वही पवित्र, चित्र उस के लगवाते|
महँगी माला-हार, शान से उसे चढ़ाते|
तारीफों के ढोल, बजाते मुन्ना-मुनिया|
दुर्लभ रत्न समान, देखती उस को दुनिया||

गरमी में चोखे लगें, जल-जलधर-जलजात

गरमी में चोखे लगें, जल-जलधर-जलजात|
सूती कपड़ा झिरझिरे, तन-मन ताप नसात||
तन-मन ताप नसात, रात छत्तन पे सौनों|
भरी दुपैरी ठण्डक मढा कौ कौनों|
सरबत, लस्सी, छाछ, सिकंजी, कन्द स-धर्मी|
ककड़ी औ खरबूज मिटात उदर की गरमी|1|

काया कों चंगी रखें, बैठक- डंड पचास|
संध्या वंदन और जप, मन में भरें हुलास||
मन में भरें हुलास, पास फटके न बिमारी|
तातौ खाय पटे में सौनों नीति हमारी|
टेंटी, अदरक, लोंग, पुदीना, सौंफ झलंगी|
इनकौ इस्तेमाल तबीयत राखै चंगी|2|

आज तलक है मोहि वा, भोजन सों अनुराग|
फुलका मिस्से चून के, करकल्ले कौ साग||
करकल्ले कौ साग, भाज खेतन में जानों|
तोर-तोर गाजर, मूरी बेरन कों खानों|
मन में बैठे राम कहें सुन री सुधि सीते|
बचपन बारे ठाठ रईसी के दिन बीते|3|

कुण्डलिया छन्द - मेरी भूल और उस का सुधार

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

दोहा के बाद रोला छोड़ कर सीधे कुण्डलिया छन्द पर आने का फायदा तो ये हुआ कि कई सारे कवियों ने अपनी रचनाएं ताबडतोब भेज दीं, और हानि ये हुई कि हम रोला छन्द से साक्षात्कार नहीं कर पाए| खैर, उसे अब दुरुस्त कर लेते हैं| मैं इस पोस्ट में अपनी भूल और उस के सुधार के बारे में चर्चा कर रहा हूँ| हालांकि मैं भी कई वर्षों तक काका हाथरसी टाइप छन्द को ही लिख रहा था, पर जब अग्रजों ने स्नेह और अधिकार के साथ कहा कि जब तुम लिख सकते हो गिरिधर कविराय वाले प्रारूप में तो फिर लिखो| अपने बड़ों की आज्ञा मानते हुए इस आयोजन की घोषणा के वक्त भी इसीलिए उदहारण भी दिए थे|

आगे पढ़ने से पहले हम एक छोटी सी चर्चा कर लेते हैं यति, प्रवाह वगैरह के बारे में| जब किसी वाक्य या छन्द के चरण विशेष में - शब्द / वर्ड; [अक्षर / लेटर] नहीं; विशेष के बाद हमारी ध्वनि विश्राम पाती है, यानि हम बोलते बोलते क्षण भर रुक कर आगे बढ़ते है, तो वाक्य में शब्द के उस अंत को 'यति' कहा जाता है| उदाहरण के लिए ये देखिये:-


कबिरा खड़ा बजार में, माँगे सबकी खैर||
ना काहू से दोसती, ना काहू से बैर||

आप इसे सिर्फ पढ़ें नहीं, बोलते हुए पढ़ें| आप पाएंगे कि पहले चरण में 'में' के बाद, दूसरे चरण में 'खैर' के 'र' पर, तीसरे चरण में 'दोसती' के 'ती' पर और चौथे चरण में 'बैर' के 'र' पर यति है|

और अब बात करते हैं कि दोहा के पहले और तीसरे चरण के अंत में लघु और गुरु क्यूँ जरुरी है:-

ऊपर के दोहे के पहले / तीसरे चरण को यूँ बोलते हुए पढ़ के देखो

बजार में खडा कबिरा
दोसती काहू से ना
दोसती ना काहू से

इन तीनों चरणों में मात्राओं की संख्या १३ होने के बावजूद ये अशुद्ध हैं, आप अब तक इस बात को पकड़ चुके होंगे| दोहे के पहले और तीसरे चरण के अंत में यदि एक लघु और एक गुरु के स्थान पर तीन लघु भी लिए जाएँ तो भी काम चलता है, पर याद रहे कि उन तीन लघुर में से अंत के दो लघु एक दीर्घ का आभास कराएँ| कुछ उदाहरण:-

कृपया बोलते हुए पढ़ें :-

मैं तेरा करता मनन
['म' के बाद 'नन' दीर्घ का आभास करा रहे हैं]

पा जाऊँ तुझको अगर
[अ' के बाद 'गर' दीर्घ का आभास करा रहे हैं]

कहता हूँ तुझ से कि चल
['कि' के बाद 'चल' दीर्घ का आभास करा रहे हैं]

आगे बढ़ के फिर न हट
['न' के बाद 'हट' दीर्घ का आभास करा रहे हैं]

तू है मेरा हमसफ़र
['हम' के बाद 'स' लघु का और इस के बाद 'फर' दीर्घ का आभास करा रहे हैं]


और अब आते हैं मुख्य मुद्दे पर|

आज हिन्दुस्तान की किरकेट दुनिया जहान में अपना परचम फहरा चुकी है| पर एक दौर वो भी था जब हमारा सर शर्म से झुका हुआ था, और तमाम क्रिकेट प्रेमी किंकर्त्तव्यविमूढ वाली अवस्था को प्राप्त होने लगे थे| इस दौर के कुछ नाम याद होंगे आप लोगों को भी - मसलन - मोंगिया, जडेजा, मनोज प्रभाकर, अज़हरुद्दीन और लेले आदि| उसी दौरान मैंने ये छन्द लिखा था:-

सच्ची बात बता रहा, मान सके तो मान|
सौ करोड़ की भीड़ में, मिले न ग्यारह ज्वान||
मिले न ग्यारह ज्वान, दुर्दशा देखो प्यारे|
अक्सर ही, हम जीत चुके, मैचों को हारे|
कैसे भला खिलाड़ी कोई खुल कर खेले|
'लेले' जब कहता फिरता हो, 'ले-ले'.... 'ले-ले'......||

अब लेते हैं इस छन्द का विन्यास कुण्डलिया छन्द के अनुसार :-

सच्ची बात बता रहा,
२२ २१ १२ १२ = १३ मात्रा - परफेक्ट
मान सके तो मान|
२१ १२ २ २१ = ११ मात्रा - परफेक्ट
सौ करोड़ की भीड़ में,
२ १२१ २ २१ २ = १३ मात्रा - परफेक्ट
मिले न ग्यारह ज्वान||
१२ १ २११ २१ = ११ मात्रा - परफेक्ट
मिले न ग्यारह ज्वान,
१२ १ २११ २१ = ११ मात्रा - परफेक्ट
दुर्दशा देखो प्यारे|
२१२ २२ २२ = १३ मात्रा - परफेक्ट
अक्सर ही, हम जीत
२११ २ ११ २१ = ११ मात्रा - परफेक्ट , ११ वीं मात्र पर लघु के साथ यति भी है
चुके, मैचों को हारे|
१२ २२ २ २२ = १३ मात्रा - परफेक्ट
कैसे भला खिलाड़ी
२२ १२ १२२ = १२ मात्रा ग़लत
कोई खुल कर खेले|
२२ ११ ११ २२ = १२ मात्रा ग़लत
'लेले' जब कहता
२२ ११ ११२ = १० मात्रा ग़लत
फिरता हो, 'ले-ले'.... 'ले-ले'......||
११२ २ २ २ २ २ = १४ मात्रा ग़लत

आपने देखा रोला में बड़ी ग़लतियाँ हैं, पंक्ति के पहले भाग में ११ वीं मात्रा पर लघु के साथ यति भी नहीं है| इस के अलावा छन्द के पहले और अंतिम शब्द में समानता भी नहीं है|

और अब बोलते हुए पढियेगा इसी छन्द को सुधारे हुए रूप में और स्वयँ इस की मात्रा गिनती, यति विराम वगैरह भी चेक कीजिएगा, आप ही खुद-ब-खुद| और यदि इस में ग़लती हो तो मुझे जरुर बताइएगा|

ले दे कर ये बात है, मान सके तो मान|
सौ करोड़ की भीड़ में, मिले न ग्यारह ज्वान||
मिले न ग्यारह ज्वान, दुर्दशा देखो प्यारे|
अक्सर ही, हम जीत चुके, मैचों को हारे|
कौन भला फिर यार देश की खातिर खेले|
'लेले' जब चिल्लाय कि भइये 'ले-ले'.... 'ले-ले'......||


मेरे सभी अग्रज, अनुज और हमउम्र साथियो, मैंने अपनी एक भूल और उस का सुधार आप सभी के साथ साझा किया है और उन सभी रचनाकारों, जिनके छन्द सुधार माँग रहे हैं, से फिर से विनम्र निवेदन करता हूँ कि कृपया सुधार कर के भेजने की कृपा करें|

मेरी ई बुक जिन लोगों ने नहीं पढ़ी हो, वो यहाँ क्लिक कर के वहां पहुँच सकते हैं

वैसे कुछ दिनों में इसका पीडीऍफ़ फोर्मेट भी उपलब्ध हो जाएगा

पुस्तक पर आप के अनमोल सुझावों, आप के आशीर्वाद के साथ साथ .................. पेंडिंग छन्दों में सुधार की भी अपेक्षा है ............

नमस्कार

आज के यही समाचार हैं

द्वंद-द्वेष-दुख दुराचार हैं
भाँति भाँति के हहाकार हैं
आज के यही समाचार हैं


वोट दे रहे औ ठगा रहे

टेक्स भर रहे, कष्ट पा रहे

लीडरान से मात खा रहे
यूँ लगे कि ज्यूँ गुन्‍हागार हैं
आज के यही समाचार हैं



रौबदार सब कोट-टाइयाँ

लोकतंत्र की दे दुहाइयाँ

गल्फ़ में लड़ाते लड़ाइयाँ
निम्न, तेल से, रक्त-धार हैं
आज के यही समाचार हैं



डिग्रियाँ बनीं फाँस कंठ की

आज सब सुनें बात संठ की

लुप्त हो रही जाति लंठ की
सुप्तप्राय से सरोकार हैं
आज के यही समाचार हैं

तीसरी समस्या पूर्ति - कुण्डलिया - चौथी किश्त

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से अपनी पहली पहली किताब को ले कर उलझा हुआ था| कई सारे छोटे छोटे काम पेंडिंग थे| अब कुछ राहत की साँस लेने के क्षण आए तो हाजिरी लगाने आ गया आप के दरबार में| योजना के मुताबिक इस ई बुक की मुँह दिखाई इस सप्ताह के अंत तक हो जानी चाहिए|

भारतीय छन्द साहित्य की सेवा स्वरूप शुरू किए गए इस आयोजन की तीसरी समस्या पूर्ति की चौथी किश्त हाजिर है आप सभी के सामने| इस बार हम पढ़ते हैं अंतर्जाल पर हिन्दी साहित्य के लिए पूर्ण रूप से समर्पित आचार्य श्री संजीव वर्मा 'सलिल' जी को| आचार्य जी की आज्ञा के मुताबिक उनकी रचनाएँ [संदेश सहित] तद्स्वरूप प्रकाशित की जा रही हैं|






छंद पहचानिए:
इस छंद की कुछ रचनाएँ आप पूर्व में भी पढ़ चुके हैं. इसे पहचानिए.

भारत के गुण गाइए, मतभेदों को भूल.
फूलों सम मुस्काइये, तज भेदों के शूल..
तज भेदों के, शूल अनवरत, रहें सृजनरत.
मिलें अंगुलिका, बनें मुष्टिका, दुश्मन गारत..
तरसें लेनें. जन्म देवता, विमल विनयरत.
'सलिल' पखारे, पग नित पूजे, माता भारत..
*
कंप्यूटर कलिकाल का, यंत्र बहुत मतिमान.
इसका लोहा मानते, कोटि-कोटि विद्वान..
कोटि-कोटि विद्वान, कहें- मानव किंचित डर.
तुझे बना ले, दास अगर हो, हावी तुझ पर..
जीव श्रेष्ठ, निर्जीव हेय, सच है यह अंतर.
'सलिल' न मानव से बेहतर कोई कंप्यूटर..
*
सुंदरियाँ घातक; सलिल' पल में लें दिल जीत.
घायल करें कटाक्ष से, जब बनतीं मन-मीत.
जब बनतीं मन-मीत, मिटे अंतर से अंतर.
बिछुड़ें तो अवढरदानी भी हों प्रलयंकर.
असुर-ससुर तज सुर पर ही रीझें किन्नरियाँ.
नीर-क्षीर बन, जीवन पूर्ण करें सुंदरियाँ..

आप सभी आनद लें आचार्य जी के छंदों का और मुझे आशीर्वाद सहित आज्ञा दें ई बुक के बाकी काम काज निपटाने के लिए| जय माँ शारदे|

भारत में किरकेट का, सदा महत्व महान [अमृत ध्वनि छन्द]

भारत में किरकेट का, सदा महत्व महान|
सब चाहें नर-नारियाँ, बूढ़े-बालक-ज्वान||
बूढ़े-बालक-ज्वान, सराहत, मेच निहारत|
शॉट लगावत, गुल्लि उड़ावत, जान निसारत|
आदि नवागत, बात बतावत, रखें महारत|
शर्त लगावत, मौज मनावत, पल छिन भारत||

अमृत ध्वनि छन्द
छन्द विधान
[१] कुल छह पंक्तियों वाला छन्द
[२] पहली दो पंक्तियाँ दोहे की, दोहा विधान के अनुसार, दूसरी पंक्ति में आने वाला दोहा का चौथा चरण, तीसरी पंक्ति के शुरू में आता है
[३] तीसरी से छठी हर पंक्ति २४ मात्रा वाली
[४] तीसरी से छठी हर पंक्ति ८-८ मात्रा के तीन भागों में विभक्त
[५] तीसरी से छठी पंक्ति के ८ मात्रा वाले हर भाग की ८ वीं मात्रा पर लघु वर्ण के साथ यति| हालाँकि इस विषय में हमारे अग्रज आदरणीय आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' जी का मानना है कि ऐसा कोई विधान नहीं कि यति लघु वर्ण के साथ ही हो| आज की समस्या पूर्ति मंच की पोस्ट में उन्होने एक उदाहरण भी दिया है| परंतु ८-८ मात्रा वाले तीन टुकड़े ज़रूर रखे जाने चाहिए| तभी तो अमृत ध्वनि छन्द का आभास होगा, नहीं तो ये भी कुण्डलिया छन्द हो जाएगा [११+१३ मात्रा और ११ वीं मात्रा पर लघु अक्षर की यति के साथ]|
[६] कुंडलिया छन्द की तरह इस छन्द के शुरू और आख़िर में समान शब्द अपेक्षित

अब उदाहरण, ऊपर दिए गये अमृत ध्वनि छन्द के आधार पर:-

भारत में किरकेट का
२११ २ ११२१ २ = १३ मात्रा, अंत में लघु गुरु
सदा महत्व महान
१२ १२१ १२१ = ११ मात्रा, अंत में गुरु लघु,
सब चाहें नर-नारियाँ,
११ २२ ११ २१२ = १३ मात्रा, अंत में लघु गुरु
बूढ़े-बालक-ज्वान
२२ २११ २१ = ११ मात्रा, अंत में गुरु लघु, ज्वान में आधे 'ज' अक्षर के बोलते समय 'वा' में सम्मिलित होने के कारण अतिरिक्त मात्रा नहीं

अमृत ध्वनि वाला हिस्सा सही में यहाँ से शुरू होता है| देखिये, दोहे के चौथे चरण की ११ मात्राओं को कैसे ८ + ३ [ = ११ ] मात्रा के दो भागों में पहले से ही विभक्त कर के रखा गया है|

बूढ़े-बालक-
२२ २११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
ज्वान, सराहत,
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
मेच निहारत
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु

शॉट लगावत,
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
गुल्लि उड़ावत,
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
जान निसारत
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु

आदि नवागत, [नयी पुरानी बातें]
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
बात बतावत,
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
रखें महारत
१२ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु

शर्त लगावत,
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
मौज मनावत,
२१ १२११ = ८ मात्रा, अंत में लघु
पल छिन भारत
११ ११ २११ = ८ मात्रा, अंत में लघु

गुरु मुख से प्राप्त ज्ञान आप सभी के साथ साझा किया है| यदि इस ज्ञान में आप लोग अभिवृद्धि कर सकें, तो मेरा सौभाग्य होगा|

आय्पीयल [IPL] के खेल की बड़ी अनोखी रीत

आय्पीयल [IPL] के खेल की बड़ी अनोखी रीत|
सभी कमाते हैं यहाँ, हार मिले या जीत||
हार मिले या जीत, भींत से मत्था मारूँ|
धोनी-सचिन विरुद्ध, जभी युवराज निहारूँ|
हाँ पर ये भी बात, माननी होगी निश्छल|
गुमनामों के हेतु, श्रेष्ठ वर है आय्पीयल||

तीसरी समस्या पूर्ति - कुण्डलिया - तीसरी किश्त

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

कुण्डलिया छंद पर आयोजित तीसरी समस्या पूर्ति के तीसरे चक्र में प्रवेश कर रहे हैं हम| पिछले चक्र में हमने पढ़ा था दो नौजवान कवियों को, और आज हम पढने जा रहे हैं एक वरिष्ठ रचनाधर्मी को|

'तजुर्बे का पर्याय नहीं' कहावत को चरितार्थ करने वाले ये अग्रज साहित्य के लिए समर्पित हैं तथा साहित्य में आंचलिक शब्दों की जोरदारी से वकालत भी करते हैं| पिछले साल अंतरजाल पर आने के बाद के दिनों में इन के द्वारा कई जानकारियाँ हासिल हुई हैं इन पक्तियों के लेखक को, जिसके लिए आभार कहना अपर्याप्त होगा|

तो आइये पढ़ते हैं इन के द्वारा भेजे गए कुण्डलिया छन्दों को:-

[१]
कंप्यूटर के ज्ञान में, अपना स्थान विशेष|
अपना लोहा मानती, दुनिया सारी शेष||
दुनिया सारी शेष, करे इज्जत अफजाई|
नासा तक में यार, देश की धाक जमाई|
जग को किए प्रदान, ट्रबल के माहिर शूटर|
बेफिक्री से ताकि, चलें सारे कंप्यूटर||
[इण्डिया दा जवाब नहीं भइये, शक हो तो बिल गेट्स से पूछ कर देख लो]

[२]
सुन्दरियाँ जो आज की, करें प्रदर्शित अंग|
लोक लाज को भूल कर, कपडे पहनें तंग||
कपडे पहने तंग, देख कर लज्जा आए|
उन्नति ना ये, यार, इन्हें कोई समझाए|
लाज शर्म को भूल, अगर हो बैठी *उरियाँ|
देंगी सिर्फ़ कलंक, देश को ये सुंदरियाँ||
[* उरियाँ = निर्वस्त्र, क्या ठेठ पंजाबी लहजा है]

[३]
सुन्दरियाँ इस दौर की, हाँकें वायूयान|
देश कौम का विश्व में, ऊँचा करती मान||
ऊँचा करती मान, हरिक खित्ते में छाईं|
पूरा है विश्वास, पुरुष-साथी की नाईं|
अंदर से हैं आग, और बाहर फुलझरियाँ|
सीमा पर हथियार, चलातीं ये सुन्दरियाँ||
[सुन्दरियाँ अच्छे काम भी करती हैं, भाई मानना पड़ेगा| ये बातें कह कर आप ने सिक्के के सकारात्मक पहलू पर भी ध्यान खींचा है| और 'खित्ते' भी क्या शब्द ढूंढा है मालिक]

[४]
भारत सारे विश्व में, हीरा कोहेनूर|
कीरत अपने देश की, दुनिया में मशहूर||
दुनिया में मशहूर, राम लीला औ गीता|
मर्यादा पुरषोत्तम, लक्ष्मण जी, माँ सीता|
रहती दुनिया तलक, हमेशा रहे सलामत|
अमन चैन का दूत, देश ये अपना भारत||
[वाह क्या देश भक्ति है, अमन चैन का दूत........भाई इस पंक्ति को तो सेल्यूट मारना पड़ेगा]

[५]
कंप्यूटर भार्या-सखा, कंप्यूटर पित-मात|
युवा वर्ग को ये मिली, सुन्दर सी सौगात||
सुन्दर सी सौगात, नज़र हटने ना पावे|
भोजन बिन रह जाय, रहा इस बिन ना जावे|
मिले न पोकिट खर्च, भले बाईक, स्कूटर|
सर्वप्रथम दरकार, सभी को ही कंप्यूटर||
[सही कह रहे हैं योगराज जी, यही कहानी है आज घर घर की]
:- योगराज प्रभाकर

'कंप्यूटर' शब्द पर दो, 'सुन्दरियाँ' शब्द पर दो और 'भारत' शब्द पर एक इस तरह इन कुल 'पांच' कुण्डलियों पर आप लोग अपनी-अपनी राय जाहिर कीजिये तब तक हम तयारी करते हैं अगली पोस्ट की|

इस बार नए प्रस्तुतिकर्त्ताओं का तांता लगा हुआ है पर साथ ही पुराने प्रस्तुतिकर्त्ताओं में से कई सारे शायद किसी काम में व्यस्त हैं| कुछ रचनाधर्मियों की जिन रचनाओं पर सुधार की प्रार्थना की गयी है, उन की भी प्रतीक्षा है| आप सभी के सहयोग से यह आयोजन नए प्रतिमान गढ़ रहा है| आप सभी के सहयोग के लिए पुन: सविनय निवेदन करते हैं हम|

जो व्यक्ति यहाँ पहली बार पधारे हैं, उन के लिए घोषणा तथा कुण्डलिया छन्द सम्बंधित लिंक एक बार फिर से :-
कुंडली उर्फ कुण्डलिया छन्द - समस्या पूर्ति की घोषणा
कुण्डलिया छन्द का विधान उदाहरण सहित

कुण्डलिया छन्द का विधान उदाहरण सहित

कुण्डलिया वह छन्द है जिसकी ऊँची शान

दोहे, रोले का मिलन, है इसकी पहिचान

है इसकी पहिचान तरलता और सरलता

आदि अन्त सम शब्द केन्द्र में रहे चपलता

मन के भाव प्रसून कथ्य फूलों की डलिया

फैलाता है गन्ध हवा बनकर कुण्डलिया

 

कुण्डलिया छन्द का विधान उदाहरण सहित

 

कुण्डलिया वह छन्द है

२११२ ११ २१२ = १३ मात्रा / अंत में लघु गुरु के साथ यति

जिसकी ऊँची शान

११२ 22 २१ = ११ मात्रा / अंत में गुरु लघु

दोहे, रोले का मिलन

२२ २२ २ १११ = १३ मात्रा / अंत में लघु लघु लघु [प्रभाव लघु गुरु] के साथ यति

है इसकी पहिचान

२ ११२ ११२१ = ११ मात्रा / अंत में गुरु लघु

है इसकी पहिचान

२ ११२ ११२१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति

तरलता और सरलता

१११२ २१ १११२ = १३ मात्रा

आदि अन्त सम शब्द

२१ २१ ११ २१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति

केन्द्र में रहे चपलता

२१ २ १२ १११२ = १३ मात्रा

मन के भाव प्रसून

११ २ २१ १२१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति

कथ्य फूलों की डलिया

२१ २२ २ ११२ = १३ मात्रा

फैलाता है गन्ध

२२२ २ २१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति

हवा बनकर कुण्डलिया

१२ ११११ २११२ = १३ मात्रा

तीसरी समस्या पूर्ति - कुण्डलिया - दूसरी किश्त

सभी साहित्य रसिकों का एक बार फिर से सादर अभिवादन| कुंडली छंद तो वाकई सब की पहली पसंद लग रहा है| कई सारे रचनाधर्मियों ने अपने कुण्डलिया छंद भेजे हैं| उन में से कुछ ने उन छन्दों को बदलने की खातिर रुकने के लिए आज्ञा भी दी है|

नई पीढी का इस आयोजन से जुड़ना और जुड़े रहना हमारे लिए गर्व की बात है| आइये आज पढ़ते हैं दो नौजवान कवियों को| नया खून है तो नया जोश और नयी सोच ले कर आये हैं ये दौनों साहित्य रसिक|
==========================================================

[१]
सुंदरियाँ जब जब हँसैं, बिजुरी भी शरमाय|
देख गाल की लालिमा, ईंट खाक हुइ जाय||
ईंट खाक हुइ जाय, आग लागै छानी में|
मछरी सब मरि जाँय, खेल जो लें पानी में|
कह ‘सज्जन’ कविराय, चलें जियरा पर अरियाँ|
नागिन सी लहरायँ, कमर जब भी सुंदरियाँ||
[मार डाला पापड वाले को यार धर्मेन्द्र भाई]

[२]
भारत की चिरकाल से, बड़ी अनूठी बात|
दुश्मन खुद ही मिट गए, काम न आई घात||
काम न आई घात, पाक हो चाहे लंका|
बजा दिया है आज, जगत में अपना डंका|
कह ‘सज्जन’ कविराय अहिंसा से सब हारत|
करते जाओ कर्म, सदा सिखलाता भारत||
[सौ फीसदी सही है बन्धु]

[३]
कम्प्यूटर का हाल भी, घरवाली सा यार|
दोनों ही चाहें समझ, दोनों चाहें प्यार||
दोनों चाहें प्यार बात दुनिया ना समझी|
दिखा रहे सब रोज यहाँ, अपनी नासमझी|
कह सज्जन कविराय, समझ औ’ प्रेम रहें गर|
सुख दुख में दें साथ, सदा भार्या कम्प्यूटर||
[ऐसा क्या!!!!!!!!!]
:- धर्मेन्द्र कुमार 'सज्जन'
==========================================================

[१]
सुंदरियाँ बहका रही, फेंक रूप का जाल |
इनके जलवे देख कर लोग होंय खुशहाल||
लोग होंय खुशहाल, वाह रे क्या माया है |
देह दिखा कर नाम कमाना रँग लाया है ||
कह "शेखर" कविराय, हुस्न छलकातीं परियाँ|
इंजन आयल बेच रहीं देखो सुंदरियाँ ||
[सुंदरियाँ और इंजन ओयल की सेल........भाई वाह]

[२]
भारत मेरा देश है इस पर मुझको नाज़ |
सबही ने मिलकर करी, इसकी दुर्गति आज ||
इसकी दुर्गति आज, हो रही संस्कृति धूमिल |
लुटती हैं मरजाद , देखकर तडपे है दिल ||
कह "शेखर" कविराय, बचा लो मित्र विरासत |
फिर से हो सिरमौर, विश्व में अपना भारत ||
[आमीन]
:- शेखर चतुर्वेदी
==========================================================
दौनों कवि बन्धु बहुत बहुत बधाई के पात्र हैं| आप सभी से प्रार्थना है कि आशीर्वाद देते हुए इन की हौसला अफजाई करें| ये ही वो पीढ़ी है जो छन्दों की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुचायेगी|

एक और ख़ुशी की बात है कि इस मंच पर प्रकाशित रचनाओं के पाठकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है| कितना अच्छा हो - यदि पाठक वृन्द अपने टिप्पणी रूपी पुष्पों की वर्षा भी करें| आप सभी इन पांच कुंडली छन्दों का अनंद लीजिये, तब तक हम अगली पोस्ट की तैयारी करते हैं| इस आयोजन संबन्धित अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें|