बस एक शब्द के अन्तर से दो छन्द - गोपाल कृष्ण भट्ट 'आकुल'

भोजन भजन बनाइये, दिनचर्या अविराम।
योग, मनन चिंतन करे, बदन नयन अभिराम।
बदन नयन अभिराम, संतुलित भोजन करिए।
घूमो सुबहो शाम,मनन अरु चिंतन करिए।
कह ‘आकुल’ कविराय, भजन से भागे जो जन।
ना पाये संतोष, करे कैसा भी भोजन।

'भजन' के स्‍थान पर 'भ्रमण' से स्‍वरुप देखें-

भोजन भ्रमण बनाइये, दिनचर्या अविराम।
योग, मनन चिंतन करे, बदन नयन अभिराम।
बदन नयन अभिराम, संतुलित भोजन करिए।
घूमो सुबहो शाम, मनन अरु चिंतन करिए।
कह ‘आकुल’ कविराय, भ्रमण से भागे जो जन।

रुग्ण वृद्ध हो शीघ्र, करे कैसा भी भोजन।

खोया-खोया चाँद भी - फणीन्द्र कुमार ‘भगत’

खोया-खोया चाँद भी, गया रूठकर आज |
तारा टूटे तार का, कहाँ बजाता साज ||
कहाँ बजाता साज, घने घुप अँधियारे में,
या खुद रोता आज, चाँद के चौबारे में,
जागा सारी रात, नहीं वह तारा सोया,
गया रूठ जब प्यार, चाँद सा खोया-खोया ||


~ फणीन्द्र कुमार ‘भगत’

मुहब्बतों का सलीका सिखा दिया मैंने - अंजुम रहबर

मुहब्बतों का सलीक़ा सिखा दिया मैंने...
तेरे बगैर भी जी के दिखा दिया मैंने ...

बिछड़ना मिलना तो किस्मत की बात है लेकिन,
दुआएं दे तुझे शायर बना दिया मैंने...

जो तेरी याद दिलाता था,चहचहाता था ,
मुंडेर से वो परिंदा उडा दिया मैंने ......

जहाँ सजा के मैं रखती थी तेरी तस्वीरें
अब उस मकान में ताला लगा दिया मैंने..

ये मेरे शेर नहीं मेरे ज़ख़्म है अंजुम ,
ग़ज़ल के नाम पे क्या क्या सुना दिया मैंने...


अंजुम रहबर

बहरे मुजतस मुसमन मख़बून महज़ूफ
मुफ़ाइलुन फ़इलातुन मुफ़ाइलुन फ़ेलुन
1212 1122 1212 22  

तुम्हे मुहतात होना चाहिए था - फ़हमी बुदाउनी

तुम्हे मुहतात होना चाहिए था
बगैर अश्कों के रोना चाहिए था

मिरी वादा-खिलाफी पर वो चुप हैं
उसे नाराज़ होना चाहिए था

हमारा हाल तुम भी पूछते हो
तुम्हे मालूम होना चाहिए था

अब उसको याद करके रो रहा हूँ
बिछड़ते वक़्त रोना चाहिए था

चला आता यकीनन ख्वाब में वो
हमें कल रात सोना चाहिए था

पड़ा था इश्क में पहला भंवर जब

वहीँ कश्ती डुबोना चाहिए था......

फ़हमी बुदाउनी

कभी ऐसा नहीं लगता कभी वैसा नहीं लगता - निदा फ़ाज़ली

कभी ऐसा नहीं लगता कभी वैसा नहीं लगता
ग़रज़ के कोई भी पूरी तरह पूरा नहीं लगता

किसी के लब पे गाली है न ग़ुस्सा है निगाहों में
ये कैसा शह्र है इसमें कोई अपना नहीं लगता

अदालत मोहतरिम है जो भी चाहे फ़ैसला दे दे
सज़ा पाये न जब कोई खता अच्छा नहीं लगता

न रोशनदान चिड़ियों के, न कमरा है किताबों का
इमारतसाज़ ये नक़्शा मिरे घर का नहीं लगता

मदारी की सदा अपनी कशिश खोने लगी शायद
पुराने शोब्दों से अब नया मजमा नहीं लगता
-निदा फ़ाज़ली

बारहा निकला मैं इस रस्ते से, बस ठहरा न था - इस्मत ज़ैदी शेफ़ा

बारहा निकला मैं इस रस्ते से, बस ठहरा न था
सच ये है कि आप ने भी तो कभी रोका न था

उन की कोशिश राएगाँ हो जाएगी सोचा न था
मैं कहीं अंदर से टूटा तो मगर बिखरा न था

मुन्तज़िर रहती ज़मीं कब तक, बिल-आख़िर फट गई
बादलों का एक भी टुकड़ा यहाँ बरसा न था

उस के फूलों के एवज़, मैं ने उसे काँटे दिये
पूरा सच हो या न हो , इल्ज़ाम ये झूठा न था

मैं गुलिस्तानों के गुल बूटों से वाबस्ता रहा
ख़ार ओ ख़स से भी मगर रिश्ता मेरा टूटा न था

हम सवाल ए ज़ीस्त सुलझाने की कोशिश में रहे
मस’अला ये इस क़दर उलझा कि फिर सुलझा न था

ऐ ’ शेफ़ा’ क्योंकर ये फ़र्क़ आया इबादतगाह में

ये जगह वो थी जहाँ कोई बड़ा - छोटा न था

इस्मत ज़ैदी 'शेफ़ा'

अब इस दयार में इन ही का बोलबाला है - नवीन

अब इस दयार में इन ही का बोलबाला है
हमारा दिल तो ख़यालों की धर्मशाला है

नज़ाकतों के दीवाने हमें मुआफ़ करें
हमारी फ़िक्र दुपट्टा नहीं, दुशाला है

यक़ीन जानो कि वो मोल जानता ही नहीं
सदफ़ के लाल को जिसने कि बेच डाला है

बड़े जतन से लिखाये गये हैं अफ़साने
कहीं-कहीं किसी मुफ़लिस का भी हवाला है

क़ुसूर सारा हमारा है, हाँ हमारा ही
मरज़ ये फर्ज़ का ख़ुद हमने ही तो पाला है

हमारी ख़ुद की नज़र में भी चुभ रहा था बहुत
लिहाज़ा हमने वो चोला उतार डाला है

रोज़ ही करती हैं एलानेसहर - नवीन

रोज़ ही करती हैं ऐलाने-सहर
ओस की बूँदें मुलायम घास पर

रात भर टूटे थे इतने कण्ठ-हार
सुब्ह तक पत्तों से झरते हैं गुहर

बस ज़रा अलसाई थीं कोमल कली
बाग़ में घुस आये बौराये-भ्रमर

भोर की शीतल-पवन अलसा चुकी
धूप से चमकेगा अब सारा नगर

इस का इस्तेमाल कर लीजे हुजूर
धूप को तो होना ही है दर-ब-दर

वाह री सीली दुपहरी की हवा
जैसे मिलने आ रहे हों हिम-शिखर 

इक सितारा आसमाँ से गिर पड़ा
चाँद को ये भी नहीं आया नज़र

बाग़ तो ढेरों हैं मेरे शह्र में
बस वहाँ पञ्छी नहीं आते नज़र


सोचता हूँ देख कर ऊँचा गगन
एक दिन जाना है वाँ सब छोड़ कर

:- नवीन सी. चतुर्वेदी

बहरे रमल मुसद्दस महजूफ़
फ़ाएलातुन फ़ाएलातुन फ़ाएलुन 
2122 2122 212

अगर ये दिन है तो इस बात का हवाला हो - नवीन

नया काम


अगर ये दिन है तो इस बात का हवाला हो।
उजाला हो तो ज़रा देर तक उजाला हो॥
लहू हमारा ही पीते रहे हैं सदियों से।
नवाब हो कि नवाबों का हमपियाला हो॥
वो इस तरह से हमारा इलाज़ करते हैं।
कि जैसे जिस्म हमारा प्रयोगशाला हो॥
कुछ इस तरह से कई लोग रह रहे हैं याँ।
कि जैसे घर नहीं हो कर ये धर्मशाला हो॥


*******
अगर ये दिन है तो इस बात का हवाला हो
उजाला हो तो ज़रा देर तक उजाला हो

सियासतन ही सही पर वो यूँ जताते हैं
ग़रीब जैसे नवाबों का हमपियाला हो

उजड़ता है तो उजड़ जाये ग़म किसी को नहीं
कि जैसे घर नहीं हो कर ये धर्मशाला हो

वो इस तरह से हमारा इलाज़ करते हैं
कि जैसे जिस्म हमारा प्रयोगशाला हो

क़बीले को तो ख़लीफ़ा ही चाहिये साहब
वो इक नवाब हो या फिर वो चायवाला हो

दश्त में ख़ाक़ उड़ा रक्खी है - शकील जमाली

दश्त में ख़ाक उड़ा रखी है
यार ने धाक जमा रखी है

आप समझाइए मायूसी को
हमने उम्मीद लगा रखी है

कौन खता था के मर जाऊंगा
मेज़ पे अब भी दवा रखी है

मुझको दीमक नहीं लग पायेगी
जिस्म को धुप दिखा रखी है

चैन से बैठ के खा सकता हूँ
इतनी इज्ज़त तो कमा रखी है

लडखडाता हूँ मैं कमजोरी से
वो समझता है लगा रखी है

इश्क करने को तो कर सकते हो

ताक पर रस्म-ऐ-वफा रखी है

शकील जमाली

बहरे रमल मुसद्दस मख़बून मुसककन
फ़ाइलातुन फ़इलातुन फ़ेलुन
2122 1122 22

SP/2/3/9 इनको रखो सँभाल, पर्स में यादों के तुम - धर्मेन्द्र कुमार सज्जन

नमस्कार

गणतन्त्र दिवस की शुभ-कामनाएँ। वर्तमान आयोजन की समापन पोस्ट में सभी साहित्यानुरागियों का सहृदय स्वागत है। वर्तमान आयोजन में अब तक 14 रचनाधर्मियों के छन्द पढे जा चुके हैं। छन्द आधारित समस्या-पूर्ति आयोजन में 15 लोगों के डिफरेंट फ्लेवर वाले स्तरीय छन्द पढ़ना एक सुखद अनुभव है। आज की पोस्ट में हम पढ़ेंगे भाई धर्मेन्द्र कुमार सज्जन जी के छन्द :-

हम सब मिलजुल कर चले, हिलने लगी ज़मीन
सिंहासन खाली हुये, टूटे गढ़ प्राचीन
टूटे गढ़ प्राचीन, मगर यह लक्ष्य नहीं है
शोषण वाला दैत्य आज भी खड़ा वहीं है
कह ‘सज्जन’ कविराय, नहीं बदला गर ‘सिस्टम’
बिजली, पानी, अन्न, कहाँ से लायेंगे हम

तुम से मिलकर हो गये, स्वप्न सभी साकार
अपने संगम ने रचा, नन्हा सा संसार
नन्हा सा संसार, जहाँ ग़म रहे खुशी से
सुन बच्चों की बात, हवा भी कहे खुशी से
ये पल हैं अनमोल, न होने दो यूँ ही गुम
इनको रखो सँभाल, पर्स में यादों के तुम

‘मैं’ ही ने मुझको रखा, सदा स्वयं में लीन
हो मदान्ध चलता गया, दिखे न मुझको दीन
दिखे न मुझको दीन, दुखी, भूखे, प्यासे जन
सिर्फ़ कमाना और खर्च करना था जीवन
कह ‘सज्जन’ कविराय, मरा मुझमें तिस दिन ‘मैं’
लगा मतलबी और घृणित, मुझको जिस दिन ‘मैं’

धर्मेन्द्र भाई साहित्य की अनेक विधाओं में अपने मुख़्तलिफ़ अंदाज़ के साथ मौजूद हैं। आप की ग़ज़लें हों या आप की कविताएँ या फिर आप के नवगीत, हर विधा में अपनी उपस्थिति का आभास कराते हैं धर्मेन्द्र भाई। “कह ‘सज्जन’ कविराय, नहीं बदला गर ‘सिस्टम’। बिजली, पानी, अन्न, कहाँ से लायेंगे हम” कितनी सच्ची बात है और वह भी कितनी आसानी के साथ, बधाई आप को। ‘”जहाँ ग़म रहे खुशी से” “पर्स में यादों के” “सिर्फ़ कमाना और खर्च करना था जीवन” ..... वाह वाह वाह ..... छन्द कब से अपने इस पुरातन फ्लेवर की बाट जोह रहे हैं।

बहुत ही ख़ुशी की बात है कि वर्तमान आयोजन सहज-सरस-सरल और सार्थक वाक्यों / मिसरों की अहमियत बताने और उन के विभिन्न उदाहरण हमारे सामने रखने में क़ामयाब हुआ। इस आयोजन के सभी रचनाधर्मियों को इस क़ामयाबी के लिये बहुत-बहुत बधाई और इच्छित कार्य को परिणाम तक पहुँचाने के लिये बहुत-बहुत आभार।

समय-समय पर विभिन्न विद्वान साथियों / आचार्यों / पुस्तकों / अन्तर्जालीय आलेखों से प्राप्त जानकारियाँ आप सभी के साथ बाँटी हैं और आशा है “सरसुति के भण्डार की बड़ी अपूरब बात। ज्यों-ज्यों खरचौ, त्यों बढ़ै, बिनु खरचें घट जात॥“ वाले सिद्धान्त का अनुसरण करते हुये आप सब लोग भी इन बातों को अन्य व्यक्तियों तक अवश्य पहुँचाएँगे।

वर्तमान आयोजन यहाँ पूर्णता को प्राप्त होता है। धर्मेन्द्र भाई के छन्द आप को कैसे लगे अवश्य ही लिखियेगा।

विशेष निवेदन :- इस पोस्ट के बाद वातायन पर शिव आधारित छंदों, ग़ज़लों, कविताओं, गीतों, आलेखों वग़ैरह का सिलसिला शुरू करने की इच्छा हो रही है। यदि यह विचार आप को पसन्द आवे तो प्रकाशन हेतु सामाग्री  navincchaturvedi@gmail.com पर भेज कर अनुग्रहीत करें।  


नमस्कार....... 

SP2/3/8 दिगम्बर नासवा जी और योगराज प्रभाकर जी के छन्द

नमस्कार

कल क़रीब एक-डेढ़ साल बाद आदरणीय श्री योगराज प्रभाकर जी की आवाज़ सुनाई पड़ी। लम्बी और अत्यधिक पीड़ादायक बीमारी के बाद आप हमारे बीच लौटे हैं। आप के परिवारी जनों के साथ-साथ आप की वापसी हमारे लिये भी सौभाग्य की बात है। सौभाग्य की बात इसलिये कि यह किरदार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से निरन्तर ही छन्द साहित्य की सेवा में लगा हुआ है। हम आप की स्वस्थ और दीर्घायु की मङ्गल-कामना करते हैं। मैं एक बार फिर से लिखना चाहूँगा कि योगराज भाई जी ने मुझे फेसबुकिया होने से बचाया और आज यह मञ्च जिस मक़ाम पर पहुँचा है उस में भी आप का महत्वपूर्ण योगदान है। मञ्च के निवेदन पर आप ने अपने छन्द भेजे हैं, आइये पहले आप के छंदों को पढ़ते हैं :-

मैं क्या हूँ? बस हूँ सिफ़र, तनहा, बे-औक़ात
साथ मिले गर 'एक' भी, 'नौ' को दे दूँ मात
'नौ' को दे दूँ मात, सिफ़र से ‘दस’ हो जाऊँ
तुम जो दे दो साथ, किसी गिनती में आऊँ
इसको दोस्त कदापि न समझो विकट समस्या
लाज़िम है यह साथ, वगरना तुम क्या मैं क्या

तुम लय, सुर अरु ताल हो, ख़ुद में हो संगीत
तर्ज़ इधर बेतर्ज़ सी, तुम सुन्दरतम गीत          
तुम सुन्दरतम गीत, बिखेरो छटा बसंती
मैं भटका सा राग, मगर तुम "जै जै वंती"
मैं गरिमा से हीन, मगर हो गरिमामय तुम   
मैं हूँ कर्कश बोल, मृदुल, मनुहारी लय तुम

हम के अन्दर हैं छिपे, हिंदू-मुस्लिम नाम
भीड़ पड़ी जब देश पर, दोनों आए काम
दोनों आए काम, कहाँ से नफ़रत आई
भारत माँ हैरान, लड़ें क्यों दोनों भाई  
अपने झण्डे छोड़, उठायें क़ौमी परचम  
इक माँ की सन्तान, बताएँ दुनिया को हम

सलिल जी की तरह ही योगराज जी के साथ भी भाषा तथा छन्द वग़ैरह के विषय में लम्बी-लम्बी वार्ताएँ होती रही हैं। आप भाषाई चौधराहट के मुखर विरोधी हैं। सिफ़्र [21] को सिफ़र [12] नज़्म करते हैं, वो भी धड़ल्ले के साथ। सिफ़्र यानि शून्य। शून्य को ले कर आप ने जो छन्द कहा है उस पूरे छन्द की हर एक पंक्ति बरबस ही आगे बढ़ते क़दमों को रोकती है।  छंदों में अक्सर ही जो रूखापन दिखाई पड़ने लगा है उस के कुछ कारण हैं मसलन [1] अत्यधिक शास्त्रीयता [2] वाक्यों का स्पष्ट-सरस-सरल न होना [3] सार्थक संदेश की अनुपस्थिति  और [4] हृदय की बजाय मस्तिष्क का अधिक इस्तेमाल।  “तुम जो दे दो साथ, किसी गिनती में आऊँ” और “वगरना तुम क्या मैं क्या” जैसे वाक्य सीधे दिल से निकले हुये वाक्य हैं। ‘गिनती’ वाले वाक्य में जहाँ हृदय का आर्तनाद है वहीं ‘वगरना’ वाले वाक्य में सार्थक संदेश भी है। इन ही तत्वों से छन्द, छन्द बनता है।

तुम वाले छन्द को देखिये। ‘मैं‘ कुछ भी नहीं और ‘तुम’ सब कुछ, यही सब तो कहा जाना है। बस हम लोग कैसे-कैसे इस बात को कहते हैं, वह देखने जैसा होता है। एक-एक शब्द को पढ़ना बड़ा ही सुखद अनुभव है। अरे, इतनी मनुहार सुन कर तो पत्थरों का कलेज़ा भी पिघल जाये। जीते रहिये योगराज जी।

‘हम’ वाले छन्द के ‘हम’ में ‘हिन्दू-मुस्लिम’एकता का नारा बुलन्द करने के लिये, 'क़ौमी परचम' यानि 'इन्सानियत का परचम' बुलन्द करने के लिये कवि को सादर प्रणाम। यार, यहाँ आप से जलन होती है, मैं ऐसा क्यूँ नहीं सोच पाया? तुस्सी ग्रेट हो भाई जी। मालिक आप की हज़ारी उम्र करें। जीते रहिये, और यूँ ही ख़ुश होने के मौक़े देते रहिये।

इस पोस्ट के दूसरे छन्दानुरागी हैं भाई दिगम्बर नासवा जी। पिछले आयोजन के दौरान समस्या-पूर्ति मञ्च पर हम उन के दोहे पढ़ चुके हैं। एक छन्द पुष्प के साथ आप इस आयोजन में उपस्थित हो रहे हैं। आइये पढ़ते हैं आप का छन्द :-

'मैं' से 'हम' के बीच में बीते पच्चिस साल
अब क्या बोलूँ, क्या किया, इन सालों ने हाल
इन सालों ने हाल बिगाड़ा भर कर भुस्सा
माँ-बापू नाराज़, बहन-भाई भी गुस्सा
कहे दिगम्बर सास बहू का झगड़ा भारी
इस को सुलझाने में सारी दुनिया हारी

विश्वस्त सूत्रों [ J ] से पता चलता है कि यह छन्द इन का अपना अनुभव नहीं है बल्कि किसी बहुत ही ख़ास मित्र का अनुभव है। भाई हमें भी आप के उस ख़ास मित्र से बेहद हमदर्दी है। और अगर यह आप का अनुभव भी होता तो क्या हुआ, सौ में से कम से कम, एक सौ एक लोगों के साथ ये समस्या है ही। फिर भी दिगम्बर भाई आप ने कमाल किया है भाई और आप को इस कमाल के लिये बहुत-बहुत बधाई। आयोजन में हास्य-रस की कुछ कमी खल रही थी, सो शेखर के बाद आप ने भी इस कमी को भरने में अच्छा योगदान दिया है। कुछ मित्र कहते हैं कि मैं हास्य का विरोधी हूँ, ऐसा नहीं, मैं हास्य का विरोधी नहीं बल्कि चुटकुला-सम्मेलनों / गोष्ठियों को कवि-सम्मेलनों / गोष्ठियों की जगह लेता देख कर दुखी अवश्य हूँ। चुट्कुले सुन कर हँसता हूँ और कविता की बदहाली पर रोता हूँ। 

तो साथियो आप इन छंदों का आनन्द लीजियेगा, अपने बहुमूल्य विचारों से अलङ्कृत कीजियेगा और हम बढ़ते हैं अगली पोस्ट की ओर।

जितने छन्द आये सभी पोस्ट हो चुके हैं। अगर अन्य साथी इस आयोजन से ख़ुद को दूर रखने के निर्णय पर क़ायम रहते हैं तो अगली पोस्ट समापन पोस्ट होगी।


नमस्कार 

SP/2/3/7 अम्बरीष श्रीवास्तव और ज्योतिर्मयी पन्त जी के छन्द

नमस्कार

आज कल मुम्बई का मौसम भी ठण्डा है। कल रात हल्की सी बरसात भी हुई थी। आज सुबह से ही काफ़ी कुहरा भी था। मगर इस पोस्ट को लिखते वक़्त ठण्डक उतनी नहीं अब। फिर भी आइये आलू के गरमागरम पराठे खाते-खाते यह पोस्ट पढ़ियेगा।

साथियो हम इस पोस्ट को समापन पोस्ट की तरह लेने वाले थे पर कुछ और छन्द आ गये सो वह आइडिया फ़िलहाल केन्सल, मतबल वह पोस्ट आगे बढ़ा दी जाती है। वर्तमान समय में [अपने वर्तमान परिकर को ध्यान में रखते हुये] छन्द-साहित्य की सेवा करने वाले व्यक्तियों का शुमार अगर किया जाये तो सम्भवत: भाई अम्बरीष जी [08853273066] का नाम प्रथम पंक्ति में आयेगा। जब, जहाँ, जिस मञ्च पर, जितना भी सम्भव हुआ, आप छन्द सेवा के लिये सदैव ही तत्पर दिखे हैं। ईश्वर आप में यह सद्भावना बनाये रखे। आइये आप के छंदों को पढ़ते हैं :-

मैं-मैं-मैं का जाप ही, नित्य कीजिए मित्र.
सुख पायें, संतुष्टि हो, मनभावन यह इत्र.
मनभावन यह इत्र. इसे जो नित्य लगाये.
वही लगे सिरमौर, आम को ख़ास बनाये.
पगड़ी मैं की बाँध, मगन मय रखिये मैं मैं..
सब पी हों मदमस्त,  आप मत करिये मैं-मैं

तुम सा कोई है नहीं, तुम से ही है प्यार.
अपनापन तुम में भरा, तुम ही घर संसार.
तुम ही घर संसार, तुम्हीं हो मित्र हमारे.
बसे हृदय में नित्य, सृष्टि में सबसे प्यारे.
प्रखर सूर्य सा तेज, रंग गहरा कुमकुम सा. 
सभी तुम्हारे फैन. कौन दुनिया में तुम सा 

हम से होती एकता, और अहम् से नाश.
हम सब थे यह जानते, सुधरे होते काश.
सुधरे होते काश. देश फिर कभी न रोता.
सारे डालर ताम्र, रुपैया सोना होता.
करें प्रगति भरपूर, कार्य हो सम्यक दम से.
अब भी समझें मित्र, देश बनता है हम से

इस आयोजन में हम और अहम का प्रयोग ऑल्मोस्ट सभी ने किया है मगर अम्बरीष भाई ने जिस तरह इसे नज़्म किया है, जिस तरह इन दो शब्दों की जुगलबंदी की है, भाई वाह, बहुत ही शानदार प्रयोग है यह। सिर्फ़ तीन शब्द और इन तीन शब्दों को ले कर आप सभी ने जो कमाल किया है भाई क्या कहने, अलग-अलग कथानक, अलग-अलग भाषाई सौन्दर्य और प्रत्येक सहभागी ने अपनी मेधा का ज़बर्दस्त परिचय दिया है। यही मंशा होती है कि आयोजन में जितने लोग पार्टिसिपेट करें उतने फ्लेवर्स का लुत्फ़ भी मिले। अम्बरीष भाई के साथ-साथ आप सभी को भी बहुत-बहुत बधाई।

अनुभूति वाली आ. पूर्णिमा दीदी के मार्फ़त एक और साथी मिल रहा है इस मञ्च को। आप में से अधिकांश इन से परिचित हैं भी। आप ने एक छन्द-पुष्प के साथ इस महफ़िल में प्रवेश किया है। आइये स्वागत करते हैं आदरणीया ज्योतिर्मयी पन्त [09911274074] जी का :-

तुम अरु मैं जब सम रहें, ख़ुशियाँ रहें अपार
दोनों सोचें "मैं "बड़ा, तब होवे तकरार  .
तब होवे तकरार, पनप रिश्ते नहिं  पाते
अहम् बनें दीवार, मिलन के अवसर जाते .
तब-तब नाहक होंय, उदासी में हम गुमसुम
तू-तू, मैं-मैं राग, अलापें जब जब  हम तुम.                   

ईश्वर ने आप को वास्तव में क्या ख़ास अंदाज़ बख़्शा है, बड़ी ही सहजता से गम्भीर बात कह दी है आप ने। भविष्य में आप के और भी अच्छे-अच्छे छन्द पढ़ने को मिलेंगे इस आशा के साथ।

साथियो गरमागरम पराठे खा चुके हों तो नवाजें इन सुंदर-सुंदर छंदों को अपनी मोहक टिप्पणियों से और हम बढ़ते हैं अगली पोस्ट की ओर। अरे हाँ एक बात और, आदरणीया ज्योतिर्मयी पन्त जी समस्या-पूर्ति मञ्च की उणनचासवीं रचनाधर्मी हैं मतलब अगला नया रचनाधर्मी पचासवाँ साथी होगा, देखते हैं कि यह पचासवाँ साथी इस आयोजन में जुड़ता है या अगले आयोजन में।

नमस्कार .....