है आज की नारी निपुण हर कार्य में वह दक्ष है

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन


आदरणीया साधना वैद जी ने हरिगीतिका छंद पर परिचर्चा शुरू होते ही कलम आजमाइश शुरू कर दी थी। उस का सुपरिणाम आज हमारे सब के सामने है। साधना दीदी इस मंच पर पहली बार प्रस्तुति दे रही हैं, और हम आशा करते हैं कि न सिर्फ वे स्वयं भविष्य में भी मंच से जुडी रहेंगी; बल्कि अपने और साथियों को भी इस साहित्य सेवा में जोड़ने का हर संभव प्रयास करेंगी।


 




'कसौटी'

सोचा अगर उसको ‘कसौटी’ - पर परखने का कभी।
भारी पड़ेगी वह सभी पर, बात सुन लीजे सभी।।

है आज की नारी निपुण, हर - कार्य में वह दक्ष है।
'वह है बनी घर के लिये' - यह - 'सोच का इक पक्ष' है।१।


हो चाँद सूरज की चमक, नित - क्षीण, जिसकी आब से।
यह विश्व आलोकित सदा, उस - की चमक नायाब से।।

वह है सदय, कोमल, करुण, 'जग - हित प्रयासों' के लिये।
पर चण्डिका भी है, 'मनुज के -शत्रु असुरों' के लिये।२।


[यही होती है कवि की कल्पना, आप खुद देखिये, 'कसौटी' शब्द को कहाँ जोड़ा है साधना दीदी ने]


'अनुरोध'

है आज यह ‘अनुरोध’ मेरा, हृदय अपने धारिये।
दुःख-दर्द जीवन अंग हैं, इन - को सहज स्वीकारिये।।

नफरत, जलन, अलगाव, हिंसा, द्वेष क्षण में छोड़िए।
चलिये सदा सन्मार्ग पर मन की दिशा को मोड़िये।१।


जो छांटना ही है, विकारों - का अँधेरा छांटिए।
पर, धर्म-जाती-धनी-निर्धन - हित, न खुद को बाँटिये।।

है ‘साधना’ यह कर रही कर - जोर विनती जानिये।
कर लीजिए निर्मल हृदय, ‘अनुरोध’ मेरा मानिये।२।

[सही कहा दीदी, ह्रदय निर्मल हो जाए तो सारे झंझट ही मिट जायेंगे]


'त्यौहार'

आते सुखद ‘त्यौहार’, जीवन - को सजाने के लिये।
मत चूकिए अवसर ज़रा भी, दिल मिलाने के लिये।।

विस्तीर्ण हो सदभावना, अति - श्रेष्ठ है पथ प्यार का।
अवसाद मुक्त रहें सभी, यह - नियम हो संसार का।१।


हिल मिल सभी के सँग मनायें, ‘पर्व’ ये उत्साह से।
हों प्राण प्रमुदित सहज ही, औ - भर उठें उल्लास से।।

सब देव देवी हों सदय, इस - विश्व का उत्थान हो।
हों कामना पूरी सभी, माँ! बस यही वरदान दो।२।

[त्यौहार का तात्पर्य सार्थक रूप से विवेचित किया आपने]




सच ही तो कहते हैं:- "जब जब भागीरथ चाहे गंगा को आना पड़ता है। नाहासिल-नामुमकिन क्या है? एक बार जो ठान लिया।।"   वास्तव में इंसान चाहे तो क्या नहीं कर सकता? मन में धार ले तो इंसान कुछ भी कर सकता है। अजित दीदी और अब साधना दीदी ने इसे साबित कर दिखाया है। आप इन छंदों का रसास्वादन करें, अपने प्रशंसा रूपी पुष्पों की वर्षा करें और हम एज यूज्यूअल नयी पोस्ट की तैयारी करते हैं।





जय माँ शारदे!

दो देह पर इक प्राण हो, तो है कसौटी मीत की

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन



स्वागत है, समस्या पूर्ति मंच द्वारा आयोजित हरिगीतिका छंद पर आधारित पाँचवी समस्या पूर्ति के पहले चरण में। शक्ति का पर्व और श्रीगणेश भी नारी शक्ति द्वारा, इस से सुंदर संयोग कोई और हो भी नहीं सकता था। इस बार सबसे पहले छंद भेजे आ. अजित गुप्ता जी ने, तो शुभारंभ उन्हीं के छंदों के साथ।





'त्यौहार' शब्द पर केन्द्रित छंद मालिका

कल प्रेम का त्‍योहार था जो, आज सूना गाँव है।
यह क्‍या हुआ कैसे हुआ है, चुभ रही अब छाँव है।।

मैं रोज ही उत्‍सव मनाती, आज क्‍यूं यह गौण है।
नवरात्र में उत्‍साह धीमा, रात क्‍यूं यह मौन है।१।


हर पर्व मेरा तुम बने थे, दीप सजती रात भी।
फिर दर्द कैसा दे गए तुम, मीत चुभती बात भी।।

फैला अंधेरा घोर पथ पर, मौन सा व्‍यवहार है।
अब रात गहरी कह रही है, आज भी त्‍योहार है।२।


कब जल गयी फिर नेह बाती, धुन्‍ध सारी छट गयी।
इस पर्व पर तुम आ गए तो, पीड़ सारी घट गयी।।

तुम बिन निरर्थक ज़िंदगी, तुम साज हो श्रृंगार हो।
दिन रात हो, ज़ज्बात हो, प्रियतम तुम्ही त्यौहार हो ।३।



'कसौटी' शब्द पर केन्द्रित छंद मालिका


हर तार छू लो तुम दिलों के, क्‍या दिखावा बात का।
ममता लुटाओ जगत में यह नेम हो दिन रात का।।

कब तुम परीक्षा में फंसोंगे, क्‍या ठिकाना मात का।
जिनके ह्रदय में प्रेम हो उन को न डर कुछ घात का।१।



दो देह पर इक प्राण हो, तो है कसौटी मीत की।
दिल साज, सरगम भावना, तो है कसौटी प्रीत की।।

निश्छल ह्रदय में नेह हो, तो है कसौटी रीत की।
सुन कर जिसे दिल झूम उट्ठे वह कसौटी गीत की।२।


आज के दौर मैं जब कोई व्यक्ति छंदों पर लग के, खट के काम करने को तैयार हो जाता है, तो हमारे हृदय में उस के लिए सम्मान और भी बढ़ जाता है। अजित दीदी और उन जैसे वे सभी रचनाधर्मी, जो इस साहित्य सेवा हेतु छन्द रचना में जी जान से खटे हुए हैं, सम्मान के पूरे-पूरे हक़दार हैं। अजित दीदी के छंदों की गेयता और भाव चयन को देख कर सहसा ही 'कुछ तो हम भी करें' वाला भाव उत्पन्न हो जाता है। अजित दीदी को बहुत बहुत बधाई।

छंद आने शुरू हो गए हैं, और साथ ही साथ उन पर काम भी शुरू हो चुका है। क्या क्या विषय और क्या क्या भाव संकलन हैं, पढियेगा तब जानिएगा सर जी| मंच अपने उद्देश्य "सब के साथ मिल कर, रचनात्मक मार्ग पर चलते हुये, भारतीय छंद साहित्य के प्रति लोगों में फिर से रुझान उत्पन्न करना" की तरफ अग्रसर है, और यह हम सब के लिए खुशी का सबब है। 

आप सभी अजित दीदी के छंदों पर प्रशंसा रूपी पुष्पों की बरसात करें, तब तक हम तैयारी करते हैं अगली पोस्ट की। 'अन्य बातें समान रहने पर' अगली पोस्ट में हम एक और परिचित के छन्द पहली बार पढ़ेंगे इस मंच पर।

=====================================
विशेष सूचना
=====================================
 
इस हरिगीतिका छंद वाली समस्या पूर्ति  के समापन के उपरान्त, चौपाई छंद वाली पहली स. पू. से ले कर हरिगीतिका छंद वाली पांचवी स. पू. तक के सभी छंदों को 'ई-क़िताब' की श़क्ल में प्रकाशित करने का प्लान है। इस विषय में अपने विचार, यदि कोई हों, तो व्यक्त करने की कृपा करें।
 =====================================



जय माँ शारदे!

कवि की नज़र से बच सका हो, कौन सा वो मर्म है

उद्घोषणा पढ़िये 'समस्या - पूर्ति' वाले मंच की।
हरिगीतिका में छन्द रच कर, भेजिये अविलम्ब ही।।

'अनुरोध' - 'उत्सव' औ 'कसौटी', शब्द तीन दिये गये।
आह्वान है सब से, करें, अभि-नव प्रयोग नये नये।१।


बीसों विषय हैं अनछुए, निज - रुचि मुताबिक छांटिए।
अर्जित तजुर्बा-जानकारी, साथ सब के बाँटिए।।

रचते समय हो मूड जैसा, रस वही ले लीजिये।
गर हो मुनासिब, आप छंदों - को अलंकृत कीजिये।२।


कविधर्म रचनाधर्म, कवि का - कर्म, रचनाकर्म है।
कवि की नज़र से बच सका हो, कौन सा वो मर्म है।।

हो वक़्त कोई भी, सदा ही, नब्ज, कवि-कर में रही।
संसार को जो दे दिशा, कवि - सत्य में तो है वही।३।

[हरिगीतिका छन्द]

समस्या पूर्ति मंच -पाँचवी समस्यापूर्ति - हरिगीतिका छन्द - घोषणा

पाँचवी समस्या पूर्ति - हरिगीतिका छन्द - घोषणा

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन 
और 
नवरात्रि की शुभ कामनाएँ



माँ दुर्गा के पावन पर्व के शुभारम्भ के साथ ही हम भी बढ़ते हैं पाँचवी समस्या पूर्ति की ओर, घोषणा पोस्ट के साथ।

छन्द
इस बार की समस्या पूर्ति का छन्द है हरिगीतिका
इस छन्द के बारे में पिछली दो पोस्ट्स में विस्तार से बातें हो चुकी हैं 
शब्द 

इस बार 'पंक्ति' की बजाय 'शब्द' ले रहे हैं हम। 
विषय, रस और अलंकार का चुनाव रचनाधर्मी अपनी-अपनी रुचि के अनुसार करने के लिए स्वतंत्र हैं। इस का एक फायदा ये भी होगा कि हमें भाँति-भाँति के अद्भुत छन्द पढ़ने को मिलेंगे। 
आप जो रस-अलंकार ले रहे हैं या कोई विशेष प्रयोग कर रहे हैं, उस पर एक संक्षिप्त टिप्पणी अवश्य लिख कर भेजें। 
विशेष पंक्ति इस बार नहीं है, परंतु विशेष प्रयोगों का स्वागत है। 
अन्य भाषा - बोलियों में भी छन्द आमंत्रित किए जा रहे हैं और वो छन्द संबन्धित रचनाधर्मी की प्रतिनिधि पोस्ट के साथ ही प्रकाशित किए जाएँगे। मतलब इस बार समापन पोस्ट नहीं होगी।
छंदों की संख्या उतनी रखें जिसे पढ़ने के लिए पाठक के मन में रुचि बरकरार रहे।

पुराने सहयोगियों को तो पता है परन्तु नए सहभागियों के लिए बताना आवश्यक लग रहा है कि अपने छंद navincchaturvedi@gmail.com पर भेजें। नए साथी बिलकुल भी संकोच न करें। यदि उन के छंदों में परिमार्जन आवश्यक लगा, तो प्रकाशन के पहले उन से संवाद भी स्थापित किया जाता है मंच के द्वारा।

पहला शब्द - त्यौहार 
आप के छन्द में त्यौहार की जगह यदि पर्व या उत्सव बैठ रहा हो तो आप उसे भी ले सकते हैं 
उदाहरण :-
त्यौहार का माहौल आया, हर शहर हर गाँव में 
अद्भुत-अनोपम-श्रेष्ठ उत्सव, हिन्द की पहिचान हैं 
हर पर्व का आधार प्यारे, विश्व का कल्याण है

दूसरा शब्द - कसौटी
इस कसौटी शब्द के पर्यायवाची / समानार्थी शब्द भी ले सकते हैं रचनाधर्मी। उसे हाइलाइट कर दें।
उदाहरण :-
कुछ तो कसौटी ज़िंदगी के, साथ होनी चाहिए
हर हाल में हाज़िर रहे जो, हर परीक्षा के लिए

तीसरा शब्द - अनुरोध 
इस अनुरोध शब्द के पर्यायवाची / समानार्थी शब्द भी ले सकते हैं रचनाधर्मी। उसे हाइलाइट कर दें।
उदाहरण :-
है इल्तिज़ा इतनी - हमारी - कोशिशों को वेग दो 
परिवार में मिल कर रहें सब,  बस यही अनुरोध है 
[यहाँ पहली पंक्ति में 'हमारी' शब्द 'इतनी' और 'कोशिशों' दोनों शब्दों से जुडा हुआ है]

सभी रचनाधर्मियों से आह्वान किया जाता है कि भारतीय जन-मन में रचे-बसे इस अद्भुत शिल्प वाले मनोहारी छन्द 'हरिगीतिका' को अपने कल्पना संसार में अवश्य शामिल करते हुए भारतीय छन्द साहित्य की सेवा में अपना योगदान जारी रखें। आप लोगों के छन्दों की प्रतीक्षा रहेगी।

एक निवेदन पाठकों से भी - इस मंच के माध्यम से भारतीय छंद साहित्य की सेवा में जुटे रचनाधर्मियों को आप की टिप्पणियों का इंतज़ार रहता है| सो प्लीज डू द नीडफुल ........))))))))))))))))))))  




जय माँ शारदे!

हरिगीतिका छन्द की ऑडियो क्लिप्स

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन



आइये सुनते हैं हरिगीतिका छन्द, हमारे सब के चहेते भाई श्री राजेन्द्र स्वर्णकार  जी के मधुर स्वर में। 

[१] गणपति वन्दना 






वन्‍दहुँ विनायक, विधि-विधायक
, ऋद्धि-सिद्धि प्रदायकं।
गजकर्ण, लम्बोदर, गजानन, वक्रतुंड, सुनायकं।।

श्री एकदंत, विकट, उमासुत, भालचन्द्र भजामिहं।
विघ्नेश, सुख-लाभेश, गणपति, श्री गणेश नमामिहं ।। 

[शब्द - नवीन सी. चतुर्वेदी - स्वर - राजेन्द्र स्वर्णकार]





[२] सरस्वती वन्दना





ज्योतिर्मयी! वागीश्वरी! हे - शारदे! धी-दायिनी !
पद्मासनी, शुचि, वेद-वीणा -  धारिणी! मृदुहासिनी !!

स्वर-शब्द ज्ञान प्रदायिनी! माँ  -  भगवती! सुखदायिनी !
शत शत नमन वंदन वरदसुत, मान वर्धिनि! मानिनी !!


[शब्द और स्वर - राजेन्द्र स्वर्णकार]



मैं राजेन्द्र भाई को हमेशा कहता हूँ कि आप वाकई माँ शारदा की असीम अनुकम्पा से अभिभूत सरस्वती पुत्र हैं। एक बार उन्होंने फिर से मुझे सही साबित किया है। 


ऊपर के उदाहरण पढ़/सुन कर नए लोग कहीं ये न समझने लगें कि यह छंद तो ईश-वन्दना जैसे उद्देश्यों के लिए प्रयुक्त होता है, इसलिए आइये अब एक अन्य उदाहरण पढ़ते हैं। इस की ऑडियो क्लिप नहीं है, यह साधारण पठंत [कविता पाठ] के अनुसार है। यदि आप लोगों ने कहा तो इस की ऑडियो क्लिप घोषणा पोस्ट के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करेंगे।



[३] संसार उस के साथ है जिस को समय की फ़िक्र है

सदियों पुरानी सभ्यता को, बीस बार टटोलिए।
किसको मिली बैठे-बिठाये, क़ामयाबी, बोलिए।।

है वक़्त का यह ही तक़ाज़ा, ध्यान से सुन लीजिए।
मंज़िल खड़ी है सामने ही, हौसला तो कीजिए।१।



चींटी कभी आराम करती, आपने देखी कहीं।
कोशिश-ज़दा रहती हमेशा, हारती मकड़ी नहीं।।

सामान्य दिन का मामला हो, या कि फिर हो आपदा।
जलचर, गगनचर कर्म कर के, पेट भरते हैं सदा।२।



गुरुग्रंथ, गीता, बाइबिल, क़ुरआन, रामायण पढ़ी।
प्रारब्ध सबको मान्य है, पर - कर्म की महिमा बड़ी।

ऋगवेद की अनुपम ऋचाओं में इसी का ज़िक्र है।
संसार उस के साथ है, जिस को समय की फ़िक्र है।३।

[शब्द - नवीन सी. चतुर्वेदी]


तो ये थे गायन और पठंत शैली में हरिगीतिका छन्द के उदाहरण। जानकार लोग तो सब जानते ही हैं, परन्तु, नए लोगों के लिए उदाहरण देना ज़रूरी होता है। सिर्फ क़िताबी बातों से सीखना वाक़ई मुश्किल होता है, इसीलिये घनाक्षरी छन्द वाले आयोजन से मंच ने ऑडियो क्लिप्स का विकल्प भी अपनाना शुरू कर दिया है। आयोजन दर आयोजन नए लोग जुड़ते जा रहे हैं, यह बहुत ही हर्ष का विषय है। काश पुराने लोग भी इस साहित्य सेवा का सहभागी बनने के बारे में पुनर्विचार करें।

जल्द ही हम लोग फिर से मिलेंगे 'घोषणा पोस्ट' के साथ...........तब तक आनंद लीजिये इन छन्दों का और कमर कस लीजिये इस बार, पहले से बेहतर आयोजन को मूर्त रूप देने के लिए।

हालाँकि जिन लोगों के ई-मेल एड्रेस मंच के पास उपलब्ध हैं, उन सभी को मेल नोटिफिकेशन के साथ साथ ऑडियो क्लिप्स भी अटेच कर के भेजे गए हैं। फिर भी यदि किसी व्यक्ति को यहाँ ब्लॉग पर से इन audios को डाउनलोड करने या सुनने में दिक्क़त आ रही हो, तो वे कमेन्ट बॉक्स में अपने ई मेल पते के साथ इस बारे में लिख दें या ई मेल भेज कर सूचित कर दें।   


जय माँ शारदे!

अति सर्वत्र वर्जयेत

बड़ा ही लुभावना कोटेशन है ये "अति सर्वत्र वर्जयेत"। सच ही तो है, मसलन:-

  • खाते ही चले जाओ तो पेट फट जाएगा, ये बात रिश्वत खाने वाले नेताओं पर लागू नहीं होती।
  • रोते ही चले जाओगे तो आँसू सूख जाएँगे - टी वी. सेरियल्स के मामलों में एप्लीकेबल नहीं, वहाँ तो आज सिर्फ़ आँसू ही बिक रहे हैं।
  • बैठे ही रहोगे तो निष्क्रिय हो जाओगे, ये कॉंग्रेस पर लागू नहीं, वो तो मंहगाई झेलती जनता को बिलखता देख कर भी हाथ पर हाथ धरे ही बैठी हुई है कब की।

और भी कई सारे उदाहरण दिए जा सकते हैं। 'अति' किसी भी बात की अच्छी नहीं। आज कल एक और 'अति' दीखने में आ रही है - हँसने की अति। तमाम टी. वी. चेनल्स पर जात जात के कॉमेडी शो परोसे जा रहे हैं। कॉमेडी करने के नये नये नुस्खे ईज़ाद किए जा रहे हैं। हँसना एक अच्छी बात है - निस्संदेह - पर कब, कहाँ, कैसे, क्यूँ और कितना जैसे प्रशनवाचक शब्द इस के साथ भी जुड़े हुए हैं।



विगत कुछ महीनों के कॉमेडी शो के एपिसोडस पर अगर हम सरसरी नज़र डालें तो स्पष्ट रूप से वल्गरिटी का बोलबाला दिखाई पड़ता है। यही होता है जब हम 'अति' वाली सीमा का उल्लंघन कर देते हैं। 'अति' से पहले की अवस्था होती ही है पूर्णता वाली अवस्था। मानव इतिहास गवाह है, जब जब मनुष्य ने 'अति' को नज़र अंदाज़ किया है - जन साधारण ने देर सबेर दूसरी राह चुनना ही मुनासिब समझा है। मसलन:-

  • हिन्दी फिल्मों में गोविंदा टाइप फिल्म्स
  • मंचीय कविता में भावनाओं को उछालती कविताएँ
  • इंदिरा गाँधी वाली इमरजेंसी
  • भाजपा का शाइन इंडिया
  • जनता दल की दलदल
  • अन्नू कपूर का तथाकथित नया संगीत, वग़ैरह वग़ैरह

तो वापस लौटते हैं कॉमेडी वालों की 'अति' पर। हँसने के बहाने और कितना भटाकाओंगे लोगों को? खास कर वो लोग जो परिवार के साथ रात का खाना खाते हुए इस तरह के शो देखते हैं, उन के सामने ख़ासी दिक़्क़त आने लगी है। भोंडे दृश्यों वाले गीत और फिल्मों तथा खिचड़ी टाइप टी. वी. सीरियल्स से ऊब कर ये लोग कॉमेडी की तरफ मुड़े थे, पर अब तो उन्हें यहाँ भी....................। हालाँकि 'सब टीवी' के शो'ज़् कुछ हद तक साफ सुथरे नज़र आते हैं, खास कर उन का लापता ग़ंज़ वाला सीरियल।



हास्य के बहाने क्या क्या परोसा जा रहा है आज कल!!! अंग प्रदर्शन ऐसा कि फेशन शो वालों को प्रेरणा लेनी पड़े। डबल मीनिंग वाले डायलोग ऐसे कि कादर खान भी इस नई कक्षा में शामिल होने के बारे में सोचें और ठहाकों की तो पूछो ही मत। आपस में एक दूसरे को खींचने के लिए व्यक्तिगत जीवन में घुसने का तो जैसे लाइसेन्स दे रखा है सभी प्रतियोगियों ने एक दूसरे को। कभी कभी खुद अपने मुंह पर हाथ रख कर शर्माने का उपालंभ भी दिखला जाते हैं ये लोग। वहाँ उपस्थित नारी शक्ति भी इस तथाक्तथित हास्य से अभिभूत दिखाई पड़ती है। दर्शकों का क्या है? टी वी पर आना भाई किसे अच्छा नहीं लगता।



समय रहते यदि ये कॉमेडी शो वाले नहीं चेतते हैं तो बहुत जल्द ही पब्लिक इन से ऊब कर किसी और ज़ानिब रुख कर सकती है।

राहुल द्रविड़ द ग्रेट क्रिकेटर

राहुल द्रविड़ का नाम ले कर, आइये बातें करें|
हर दम कि जिन के चेहरे से, फूल खुशियों के झरें||
वो टीम के अन्दर रहें, या - फिर, जुदा हों टीम से|
हमने सुने अब तक न उन से, शब्द कड़वे नीम से||

इस मीडिया ने जब कि सब कुछ, जाँच औ परखा लिया|
'दी वाल' को दीवाल जैसा, नाम तब ही तो दिया||
इस ओर हर बोलर द्रविड़ को, देख कर डरता रहा|
तो उस तरफ बल्ला द्रविड़ का, स्कोर बुक भरता  रहा||

यह ज़िंदगी है दोस्त,कब ये, एक जैसी रह सकी|
राहुल द्रविड़ की ज़िंदगी में - भी, समय था अनलकी||
जब वक़्त रूठा हो, न कोई - बात बन पाए कभी|
आलोचना के वश भ्रमित हो, बोलने लगते सभी||

इक दौर था जब द्रविड़ के बिन, टीम चलती थी नहीं|
इक दौर था जब द्रविड़ के बिन, दाल गलती थी नहीं||
इक दौर फिर आया अचानक, द्रविड़ अपना खो गया|
हिन्दोसतां की टीम से ही, नाम गायब हो गया||

पर स्वाभिमानी आदमी कब,  भाव देता वक़्त को|
'कर्मेष्ठ', कर्मों से हिला दे, इंद्र के भी तख़्त को|
दिन रात मेहनत की, न परवा की, ज़रा भी 'निंद' की|
कुछ वक़्त बीता था, कि राहुल, शान था फिर हिंद की||

इस हाल के इंग्लेंड दौरे - के नतीज़े देखिये|    
उस के मुताबिक़ फिर द्रविड़ की, कामयाबी लेखिये||
  'दी वाल' तो दीवाल है भई, क्या कहें उस के लिए|
हम तो कहेंगे बस यही, जब - तक जिए, 'वट' से जिए|| 



[छन्द - हरिगीतिका]

रूचि हो जो राजनीति में तो लड़िये चुनाव

घर-द्वार, परिवार से बड़ी न जीत हार,
स्वीकार या अस्वीकार, संस्कार निभाइए.

सोते जागते हमेशा, आबरू का ध्यान रखें,
आबरू के लिए सब कुछ ही लुटाइए.

धरती पे रहें  पाँव, खेलें न कदापि दाँव,
धूप हो या छाँव, काँव-काँव न सुनाइये.

रूचि हो जो राजनीति में तो लड़िये चुनाव,
राजनीति का अखाड़ा घर न बनाइये. 



समस्या पूर्ति मंच द्वारा घनाक्षरी छन्द पर आयोजित आयोजन के दौरान लिखा था इसे.  प्रकाशित अब कर रहा हूँ.

अपनी वही ज़ुबान, जो कि हो हिन्दुस्तानी





अङ्ग्रेज़ी में दागते, हिन्दी के गुणगान
उदघोषक हैं टॉप के, ऊँची उन की शान
ऊँची उन की शान, ज्ञान की खान लुटाते
करें प्रज्वलित दीप, और फिर 'पैग' चढाते
देखा जब यह खेल, हो गए हम भी crazy
हिन्दी वाली 'आय' और खर्चे 'अङ्ग्रेज़ी’

हिन्दी, हिन्दी, हिन्दवी, गूँजे चारों ओर 
हिन्दी-हिन्दुस्तान का, दुनिया भर में शोर
दुनिया भर में शोर, होड़ सी मची हुई है
पहले पहुँचे कौन, शर्त सी लगी हुई है
करो नहीं तुम भूल, समझ कर इस को चिन्दी
गूगल, माय्क्रोसोफ्ट, आज सिखलाते हिन्दी

हिन्दी में ही देखिये, अपने सारे ख़्वाब
हिन्दी में ही सोचिये, करिये सभी हिसाब
करिये सभी हिसाब, ताब है किस की प्यारे
ऐसा करते देख, आप को जो दुत्कारे
एप्लीकेशन-फॉर्म, भले न भरें हिन्दी में
पर अवश्य परिहास-विलाप करें हिन्दी में

हिन्दी भाषा से अगर, सचमुच में हो प्रेम
तो फिर मेरे साथ में, अभी लीजिये नै'म
अभी लीजिये नै'म, सभी मुमकिन हिस्सों में
हिन्दी इस्तेमाल - करें सौदों-क़िस्सों में
छोटी सी बस मित्र यही अपनी अभिलाषा
दुनिया में सिरमौर बने यह  हिन्दी भाषा

हिन्दुस्तानी बोलियों, को दे कर सम्मान
अङ्ग्रेज़ी को भी मिले, कहीं-कहीं पर स्थान
कहीं-कहीं पर स्थान, तभी भाषा फैलेगी
पब्लिक ने इन्ट्रेस्ट लिया, तब ही पनपेगी
भरी सभा के मध्य, बात कहते ऐलानी
अपनी वही ज़ुबान, जो कि है हिन्दुस्तानी



[हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में]