यादों के गलियारों से - नवीन

यादों के गलियारों से - लेट एटीज़ या अर्ली नाइन्टीज़ के चन्द अशआर

रह-रह कर जो टूटा, वह ‘विश्वास’ मेरी ग़ज़लों में है
कुछ अपना कुछ औरों का एहसास मेरी ग़ज़लों में है
*
हर गाँव की चौपाल हर घर का अहाता कह रहा
मंज़िल बदलनी थी, मगर, बस रासते बदले गये
*
ख़ुद ही बढ़ते रहते हैं निज शाख़ों को फैलाते हैं
बरगद इतने बढ़े नये पौधे फल फूल न पाते हैं
*
हर कोई पाकोसाफ़ है हर एक पर इल्ज़ाम हैं
तब्दीलियों के दौर में ये वारदातें आम हैं
*
ताज़्ज़ुब न कर हर मुल्क में दिखता यही इक माज़रा
पब्लिक पड़ी है हाशिये पर ऐश करते बादशा’
*
बस एक इस उम्मीद में कुछ दिन तसल्ली से कटें
ख़ुद अपने से ही आप कटता जा रहा हर आदमी
*
माँ-बेटे एक साथ नज़ारे देख रहे
हर घर की बैठक में इक जलसाघर है
*
उस पार परबतों के तनवीर दिख रही है
ख़ुशहाल ज़िन्दगी की तसवीर दिख रही है
*
जनता के तारनहार बड़े मासूम बड़े दरियादिल हैं
तर जाएँगी सातों पीढ़ी लिख डाले हैं इतने पट्टे
*
ये ज़िन्दगी अन्धा कुआँ है, जानते हैं सब
पर इस कुएँ में हौसलों की रस्सियाँ भी हैं
*
सही अर्थ में कहें अगर तो घिसते जा रहे हैं हम
अगर मगर की चक्की में बस पिसते जा रहे हैं हम
*
खच्चर पसन्द आने लगे जब से हमें
बाज़ार में घोड़ों का टोटा हो गया
*
हरिक सूबा है सठियाया हरिक तबका सनक पर है
कहीं हिन्दोसताँ रशिया न बन जाये, यही डर है
*  
कहीं नादानों की नादानियाँ कुछ गुल खिला न दें
बड़े मासूम हैं बच्चे मेरे, ये सोच आहत हूँ
*
शीतलता को कहाँ तलाशें
यहाँ अवा का अवा गरम है
*
चैन से दो जून की रोटी तो दे
भेड़ियों की बस्तियों वाले शहर
*
दो दिलों के बीच है जो फ़ासला
बीच उस के भी कई दीवार हैं
*
कुछ इक जगह पे यूँ भी करते हैं पेश ख़ुद को
गोया कि रहनुमा हों ख़ुद हुक़्मुरान के हम
*
गाँवों से हुये तंग तो हम शहरों में आये
अब और कहाँ जाएँगे शहरों से बिछड़ कर
*
फूल-काँटे तो नाम हैं केवल
जो मिला मुझ को यादगार मिला


:- नवीन सी. चतुर्वेदी

SP2/3/6 शेखर चतुर्वेदी और ऋता शेखर मधु जी के छन्द

नमस्कार

हर साल, गर्मी की तरह सर्दी भी बढ़ती जा रही है। इस सर्दी का असर हमारे आयोजन पर भी पड़ा है। उत्तर के अधिकतर साथी इस ठिठुरती ठण्ड में चाह कर भी की बोर्ड पर उँगलियाँ नहीं चला पा रहे। ख़ैर, हम आयोजन को आगे बढ़ाते हुये आज की पोस्ट में शेखर चतुर्वेदी और ऋता शेखर मधु जी के छंद पढ़ते हैं। पहले शेखर चतुर्वेदी जी के छन्द  :-

हम को वैसे तो सनम, लगते हैं सब नेक
मगर ढूँढने जायँ तो, मिलता सौ में एक
मिलता सौ में एक, नहीं टिकता है वो भी
चल देता मुँह फेर स्वार्थ पूरा होते ही
कह ‘शेखर’ कविराय भला ये कैसा जीवन
हृदय हुये संकीर्ण खो गया है अपनापन

तुम से मैं क्यूँ बोल दूँ, अपने दिल का हाल
हो सकता है ज़िन्दगी, भूले अपनी चाल
भूले अपनी चाल और इक रिश्ता टूटे
क्यूँ ऐसा बोलूँ जो कोई अपना रूठे
कह शेखर कविराय बड़े नाज़ुक हैं रिश्ते
अब इन की रक्षा करनी है हँसते-हँसते

मैं ही मैं दिखता जिसे और दिखे ना कोय
देर सवेरे ही भले निपट अकेला होय
निपट अकेला होय हुआ ज्यों वीर दशानन
कुछ भी रहा न शेष एक इस मैं के कारन
कह शेखर कविराय बुरा है दम्भ सदा ही
सब के हित की सोच भला होगा तेरा भी


मैं हर बार कहता हूँ, इस बार भी कहूँगा कि आज के दौर में जब नई पीढ़ी चुटकुलों को ही कविता समझ बैठी है तो ऐसे में शेखर जैसे नौजवानों को अपने पूर्वजों की राह पर चलता हुआ देखना बहुत हिम्मत देता है। शेखर को पढ़ने वालों ने नोट किया होगा कि वह लगातार ख़ुद से, अपनों से और समाज से संवाद बनाये हुये हैं। बिना लाग-लपेट के बात कहने में यक़ीन रखते हैं और इन के छंदों में अधिकांश वाक्य बहुत प्रभावशाली हो गये हैं। “क्यूँ ऐसा बोलूँ जो कोई अपना रूठे”, “कुछ भी रहा न शेष एक इस मैं के कारन “ या “सब के हित की सोच भला होगा तेरा भी” ऐसे वाक्य / मिसरे हैं जो पाठक / श्रोता को बरबस ही बाँध लेते हैं।

साथियो हर आयोजन में हम कुछ न कुछ विषय विशेष पर फोकस करते हैं। वर्तमान आयोजन में हम साथियों से परफेक्ट वाक्य बनाने के लिये निवेदन कर रहे हैं। पाद-संयोजन से सुसज्जित, लयबद्ध, सहज, सरस, सार्थक और एक सम्पूर्ण वाक्य एक्स्ट्रा एक्स्प्लेनेशन की सारी संभावनाओं को समाप्त कर देता है। ऐसा वाक्य  पाठक / श्रोता तक अपनी बात एक झटके में पहुँचा देने में सक्षम होता है।

इस पोस्ट में आगे बढ़ते हुये हम पढ़ेंगे ऋता दीदी के छन्द :-

मैं मैं मैं करते रहे, रखकर अहमी क्षोभ
स्वार्थ सिद्धि की कामना , भरती मन में लोभ
भरती मन में लोभ, शोध कर लीजे मन का
मिले ज्ञान सा रत्न, मान कर लें इस धन का
करम बने जब भाव, धरम बन जाता है मैं
जग की माया जान, परम बन जाता है मैं

तुम ही मेरे राम हो, तुम ही हो घनश्याम
ओ मेरे अंतःकरण, तुम ही तीरथ धाम
तुम ही तीरथ धाम, भक्ति की राह दिखाते
बुझे अगर मन-ज्योत, हृदय में दीप जलाते
थक जाते जब पाँव, समीर बहाते हो तुम
पथ जाऊँ गर भूल, राह दिखलाते हो तुम

हम की महती भावना, मानव की पहचान
हम ही विमल वितान है, तज दें यदि अभिमान
तज दें यदि अभिमान, बने यह पर उपकारी
दीन दुखी सब लोग सहज होवें बलिहारी
कड़ुवाहट को त्याग, मृदुल आलोकित है हम
अपनाकर बन्धुत्व, वृहद परिभाषित है हम

मेरे नज़दीक ‘तुम’ वाले छन्द में ऋता जी ने ‘राम’, ‘घनश्याम’, ‘तीरथधाम’ और ‘भक्ति’ को ‘मर्यादा’, ‘लीला’, ‘वानप्रस्थ’ और ‘सस्नेह-समर्पण’ के प्रतीक में लिया हुआ लगता है। मेरी ही तरह ऋता दीदी भी अपनी रचनाओं में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करतीं। उन का आग्रह रहता है कि हमें कमियाँ बतला दीजिये, सुधार हम ख़ुद करेंगे। दरअसल यही सही तरीक़ा है छन्द या ग़ज़ल सीखने का। शिल्प और कमियों की जानकारी हो जाये बस। बात कहना आ जाये, इतना ही ज़रूरी है और यह तभी हो सकता है जब हम उधार की कविता से परहेज़ करेंगे। इसे मैराथन दौड़ कहें या कुछ और पर इस मञ्च के कई साथी इसी तरह मश्क़ कर रहे हैं। ऋता जी के छंदों में तीनों शब्द अपने शास्वत अभिप्राय को ले कर हमारे सामने प्रस्तुत होते हैं। ‘हम’ को ‘विमल-वितान’ कहने की बात हो या ‘बंधुत्व से वृहद’ की कल्पना, ऐसे विचार इन छंदों को भीड़ में अलग खड़ा कर दे रहे हैं।

साथियो आप आनन्द लीजियेगा इन छंदों का, नवाज़ियेगा अपनी टिप्पणियों से और हमें आज्ञा दीजिये अगली पोस्ट की तैयारी के लिये।


नमस्कार.....  

SP2/3/5 लोकेश शर्मा साहिल एवं अरुण निगम जी के छन्द

नमस्कार

पिछली पोस्ट की एक ख़ास बात यह रही कि सभी टिप्पणी-कर्ताओं ने पूरी पोस्ट नहीं पढ़ी। विश्वास न हो तो एक बार पोस्ट पढ़ कर शुरुआत की टिप्पणियों को भी पढ़ लीजिये। ख़ैर, यह सब चलता ही रहता है

दिखाता फिर रहा था ऐब सब को
सो, चकनाचूर होता जा रहा हूँ 

क़रीब ढाई-तीन साल पहले हर दिल अज़ीज़ भाई +Neeraj Goswami जी के वेबपेज पर जयपुर निवासी श्री लोकेश शर्मा जी का उपरोक्त शेर पढ़ा था। दर्पण का नाम लिये बिना ही दर्पण की बात कह दी शायर ने। यह कवि का कौशल्य कहलाता है। पढ़ कर रहा न गया सो हमने लोकेश जी को फोन [9414077820] भी लगा दिया, बातचीत हुईं और तब से गुफ़्तगू का सिलसिला शुरू हो गया। लोकेश जी को हम पहले भी इस वेबपेज पर पढ़ चुके हैं। वर्तमान आयोजन की सूचना मिलते ही महज़ चन्द ही घण्टों मैं आप ने देखिये कितने असरदार, विविधता पूर्ण और मनोरम छन्द भेजे हैं। इन तीन शब्दों का जादू अब और निखार पाने लगा है :-  

तुम तो मेरे मित्र हो, क्यूँ करते हो घात
बड़ा बतंगड़ बन गई इक छोटी सी बात
इक छोटी सी बात फ़क़त है सुनी सुनाई
तुम ने भी अनदेखी कर दी हर सच्चाई
कह ‘साहिल’ मुरझाय हुये हैं रिश्ते गुम-सुम
ग़लतफ़हमियाँ जीत गईं अरु हारे हम-तुम

हम सब जो इस देश में, मञ्च-वीर हैं मित्र
कवि-सम्मेलन का किया हमने अजब चरित्र
हमने अजब चरित्र बना डाला मञ्चों का
वाचिकता को खेल बना डाला कञ्चों का
कह ‘साहिल’ झल्लाय हुई है कविता बेदम
सिर्फ़ तालियों और लिफ़ाफ़ों में उलझे हम

मैं तो इस जञ्जाल से बहुत थक गया यार
ख़ुशियाँ दीखें हर तरफ़, लेकिन मन बीमार
लेकिन मन बीमार पड़ा क्यों कभी न जाना
मन का मौसम क्यूँ ख़ुशियों से रहा अजाना
कह ‘साहिल’ समझाय करे बकरी ज्यों मैं-मैं
जीवन भर बस इसी तरह जीता आया मैं


'मञ्चों' के साथ 'कञ्चों' का क़ाफ़िया न सिर्फ़ बैठाना बल्कि उस के साथ पूरा-पूरा न्याय भी करना..... भाई इस के लिये आप विशेष बधाई के अधिकारी हैं। लोकेश जी ने हर कवि के दिल की बात कह दी है। वास्तव में आज कविता बेदम हुई जा रही है मगर लोग हैं कि उन्हें तो बस कॉमेडी शो की तर्ज़ पर होने वाले चुटकुला सम्मेलन ही अच्छे लग रहे हैं। बहुत ही कम लोग हैं जो अच्छी कविता सुनना चाहते हैं, और ये जो बहुत ही कम लोग हैं इन में से भी ज़ियादातर स्वयं रचनाधर्मी होते हैं। कहीं-कहीं कवि मज़बूर दिखता है तो कहीं-कहीं शठ भी। समय निर्णय लेगा इस बारे में। बहरहाल 'मैं-हम-तुम' इन तीन शब्दों की शाख़ पर लोकेश जी ने क्या ही सुंदर सुमन लगाये हैं, आनन्द आ गया। 

मित्रो तरही की तरह ही समस्या पूर्ति आयोजन भी कवियों को मश्क़ करने के लिये सबसे बढ़िया साधन है। ऐसे आयोजनों के द्वारा हम इस विपरीत समय में कविता को ज़िन्दा रखने का अल्प प्रयास तो कर ही सकते हैं। दूसरी महत्वपूर्ण बात [यह मेरा व्यक्तिगत मत है] ऐसे आयोजनों में हमें ख़ुद मश्क़ करना चाहिये, जैसी भी कविता लिख सकें, स्वयं लिखें, हाँ मार्गदर्शन लेने में कोई बुराई नहीं है, मगर प्रयास और मशक़्क़त हम अगर ख़ुद करेंगे तो दो-तीन तरही या समस्या-पूर्ति के बाद हम कम-अज़-कम पूर्ण वाक्य / मिसरा बनाना और मिसरों / पंक्तियों को गिरह करना तो सीख ही जाएँगे। 

इस पोस्ट के दूसरे छंदानुरागी हैं भाई अरुण निगम जी। अरुण जी मञ्च के पुराने साथी हैं और वातायन तथा समस्या पूर्ति आयोजनों में निरंतर प्रस्तुत होते रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से इन की सहभागिता कम होने का कारण तब पता चला जब हमें इन की प्रकाशित हुई पुस्तक की सूचना मिली। इन की पुस्तक आप इन से फोन [9907174334] पर बात कर के मँगवा सकते हैं। आइये पढ़ते हैं आप के छन्द :-  

मैं-मैं तू करके हुआ, भौतिक सुख में लीन
अहम् भाव अरु देह की, रहा बजाता बीन
रहा बजाता बीन , नहीं  ‘मैं’ को पहचाना 
परम तत्व को  भूल ,जोड़ता रहा खजाना   
क्या  दिखलाकर दाँत,  करेगा केवल हैं हैं ?
जब पूछें यमराज, कहाँ बतला  तेरा  मैं 

तुम-मैं मैं-तुम एक है , परम ब्रम्ह का अंश 
जाति- धर्म  इसका नहीं , और न कोई वंश
और न कोई वंश ,यही तो अजर - अमर है
अविनाशी  है  रूह , और  काया  नश्वर है
कर इसका अहसास,ह्रदय में रुमझुम रुमझुम
परम ब्रम्ह का अंश , एक है तुम-मैं मैं-तुम 
  
‘हम’ नन्हा-सा शब्द है,अणु जैसा ही जान
शक्ति कल्पनातीत है,‘हम’ से कौन महान
‘हम’ से कौन महान, एकता का परिचायक
‘हम’ देता सुख शांति, रहा हरदम ‘हम’ नायक 
जीना सब के साथ , नहीं  रहना तन्हा-सा
अणु जैसा ही जान,शब्द है ‘हम’ नन्हा-सा 


अविनाशी  है  रूह , और  काया  नश्वर है ...................................... जीना सब के साथ , नहीं  रहना तन्हा-सा.............. क्या ही सुंदर बातें कही हैं अरुण जी ने। शब्दों के शिल्पी हैं आप। साथियो आप को याद होगा पहले के आयोजनों में अरुण जी टिप्पणियाँ भी छन्द में ही देते थे। पुस्तक प्रकाशन के मद्देनज़र ज़रा से [लापता गञ्ज वाले] बिजी पाण्डेय हो गये हैं :) अब लगता है मञ्च को आप की सहभागिता फिर से मिलने लगेगी। अरुण जी कई सालों से ड्यूटी के सिलसिले में घर-परिवार से दूर रहे और अब लम्बे अन्तराल के बाद ठाकुरजी ने इन्हें वापस घर-परिवार के साथ रहने का अवसर दिया है। जीवन की अनन्य ख़ुशियों में से यह एक बहुत बड़ी ख़ुशी मानी जाती है। हम आप की ख़ुशियों की मङ्गल कामना करते हैं। 

साथियो आनन्द लीजिये दौनों साथियों के छंदों का, नवाज़िएगा अपनी अनमोल टिप्पणियों से और हम बढ़ते हैं अगली पोस्ट की ओर। 

नमस्कार 

SP2/3/4 मेरे सब दिन-रैन तुम्हारे आभारी हैं - राजेन्द्र स्वर्णकार

नमस्कार

मकर पर्व संक्रान्ति की अनेक शुभ-कामनाएँ। परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि समस्त मानव समुदाय के जीवन को ख़ुशियों से भर दे और राजेन्द्र स्वर्णकार भाई जी के घर होने वाले मांगलिक कार्यक्रम की खुशियों को दोबाला कर दे। मञ्च के साथी भाई श्री राजेन्द्र स्वर्णकार जी के दो सुपुत्र इसी महीने परिणय सूत्र में बँधने जा रहे हैं। मञ्च दौनों बालकों के सुखमय दाम्पत्य जीवन की मंगलकामना करता है।

अपने राजेन्द्र भाई जी को जानने वाले अच्छी तरह से जानते हैं कि राजेन्द्र जी इस मञ्च के लिये सदैव और सहर्ष तत्पर रहते हैं। “रस परिवर्तन” के आह्वान का सम्मान रखते हुये आपने इतने बिजी शेड्यूल के बीच भी क्या ही शानदार छंद भेजे हैं। आइये पहले छंद पढ़ते हैं।

मैं क्या था? तुम बिन, प्रिये ! मात्र मूक-पाषाण !
फूँक दिए निष्प्राण में , सजनी ! तुमने प्राण !! 
सजनी ! तुमने प्राण भरे , उपवन महकाया !
हर अंकुर हर पुष्प खिला डाला ...मुर्झाया  !!
है उपकृत हर साँस , कहूँ रसना से क्या मैं ?!
मेरे सब दिन-रैन तुम्हारे आभारी हैं !

तुम से मैंने पा लिया जीने का आधार !
अब जीवन पल-पल लगे इक अनुपम उपहार !!
इक अनुपम उपहार ; प्रिये हूँ ऋणी तुम्हारा !
जीवन सुख-संयोग सहित हो पूर्ण हमारा !!
हँसते-गाते नित्य रहें हम क्यों गुम-सुम से ?
ख़ुश रहना संसार सीख ले हमसे-तुमसे !! 

हम ही राधा-कृष्ण थे , हम ही राँझा-हीर !
कैसे समझेंगे न हम इक-दूजे की पीर ?!
इक-दूजे की पीर , एक सुख-दुख सब अपने !
एक प्राण दो देह, एक-से अपने सपने !!
सौ जनमों तक प्रीत हमारी ना होगी कम !
बने पुजारी-प्रीत जनम फिर से लेंगे हम !! 

राजेन्द्र स्वर्णकार 09314682626

पहले छन्द की दूसरी पंक्ति यानि दोहे के चौथे चरण की, फिर उस के बाद इसी छन्द की तीसरी पंक्ति यानि रोला वाले हिस्से के प्रथम चरण के पूर्वार्ध में “सजनी तुमने प्राण” वाले हिस्से को पढ़िएगा और देखिएगा कवि के कौशल्य को। किस तरह एक शब्द समूह 'सजनी तुमने प्राण' दो अलग हिस्सों में दो पृथक वाक्यों का परफेक्ट हिस्सा बन रहा है। कुण्डलिया छंदों में इस तरह के प्रयोग कवि की मेधा का प्रदर्शन करते हैं। इसी पहले छंद की पञ्च लाइन यानि कि आख़िरी पंक्ति “मेरे सब दिन-रैन तुम्हारे आभारी हैं “ भी बहुत ही ज़बरदस्त है। तीसरे छंद में 'एक प्राण दो देह' वाला हिस्सा तो अतिशय मनोरम है। एक प्राण दो देह की संज्ञा हमें राधा और कृष्ण के माध्यम से मिली है, राधा और कृष्ण जैसे प्रेम की बातें करने वाले छंद में एक प्राण दो देह ने समाँ बाँध दिया है।  

जिस तरह हमें खाने की थाली में सिर्फ़ मीठा या सिर्फ़ नमकीन या सिर्फ़ तरल की अपेक्षा न रहकर एक सम्पूर्ण भोजन की अपेक्षा रहती है, ठीक उसी तरह साहित्य में भी विविध रसों के साथ ही किसी आयोजन का पूर्ण आनंद आता है। वर्तमान समस्या पूर्ति आयोजन के शब्द घोषित करते वक़्त यही मंशा थी कि अलग-अलग मेधाओं के दर्शन होंगे। शुरुआत में ही कल्पना जी ने न सिर्फ़ एक स्त्री के मनोभावों को बहुत ही सशक्त ढंग से अभिव्यक्त किया बल्कि बालमना अभिव्यक्ति बाग़ के फूल भी बहुत ही ज़बर्दस्त रही। उस के बाद खुर्शीद भाई ने हमें राष्ट्र-प्रेम के डोंगे में बैठाया; सत्यनारायण जी, सौरभ जी और श्याम जी ने आध्यात्मिक और कल्याणकारी बातें बतियाईं और अब राजेन्द्र जी ने मञ्च को अपने शृंगार रस आधारित छंदों से स-रसमय बना दिया है। कोई अनिवार्य नहीं कि ‘मैं-हम-तुम’ केवल आध्यात्मिक या शृंगारिक बातों के लिये ही सूटेबल हैं, वरन ये तीन शब्द तो अपने अंदर समस्त रसों को समेटे हुये हैं। उम्मीद करते हैं कि हमारे साथी हमें विविध रसों से सराबोर छन्द भेज कर अनुग्रहीत करेंगे। 

एक और बात भी कहने को जी हो रहा है कि गूढ बातों के लिये ज़रूरी नहीं कि शब्दावली भी अति गूढ ही ली जाये [हालाँकि कभी-कभी मैं भी इस दुविधा का शिकार होता रहा हूँ] बल्कि वृंद जैसे अल्पज्ञात मगर अत्यंत सशक्त कवि की तरह आसान ज़बान में भी पते की बात कही जा सकती है। वृंद जी के कुछ दोहे इसी वेबपेज पर भी हैं, जिन्हें पढ़ने के लिये आप 'वातायन के रत्न' वाली सूची में 'V' पर जा कर उन के नाम पर क्लिक कर के पढ़ सकते हैं। 

राजेन्द्र जी आप को इन मधुर और मोदमय छन्द रचनाओं के लिये ख़ूब-ख़ूब बधाई। इतने बिजी शेड्यूल में भी आप ने अपनी सहभागिता बनाये रखी, आप का बहुत-बहुत आभार। साथियो राजेन्द्र जी के छंदों पर अपनी राय रखने के साथ ही साथ उन के घर होने वाले मांगलिक कार्य की अग्रिम बधाइयाँ भी दीजियेगा और हम बढ़ते हैं अगली पोस्ट की ओर।

नमस्कार

SP2/3/3 सौरभ पाण्डेय जी एवं श्याम गुप्त जी के छन्द

नमस्कार।

इण्टरनेट की समस्या सिर्फ़ छोटे शहरों-कस्बों या गाँवों में ही नहीं कभी-कभी महानगर में भी अपना परिचय देती रहती है। तीन दिन के टूर पर जाने से पूर्व सोचा बुधवार रात को एक पोस्ट शेड्यूल करता चलूँ, परन्तु एन मौक़े पर इण्टरनेट बाबा खूँटे से खुल गये और पोस्ट लेट हो गयी। इण्टरनेट बाबा को खूँटे से खुलता हुआ न देखा हो तो कभी अपने इण्टरनेट स्विच / राउटर की लाइट्स को बिगड़ने के दौरान कुछ-कुछ दोलक की तरह इधर-उधर होते देखियेगा, खूँटे से खुलने की बात समझ आ जायेगी।

साथियो आप इस मञ्च से जुड़े दो विद्वानों श्री सौरभ पाण्डेय [09919889911] जी और श्री श्याम जी को पढ़ते रहे हैं, आज की पोस्ट में ये दौनों रचनाधर्मी अपने कौशल्य के साथ हाज़िर हैं। पहले हम पढ़ते हैं सौरभ जी के छन्द 

’मैं-तुम’ के शुभ योग से, ’हम’ का आविर्भाव
यही व्यष्टि विस्तार है, यही व्यष्टि अनुभाव
यही व्यष्टि अनुभाव, ’अपर-पर’ का संचेतक   
’अस्मि ब्रह्म’ उद्घोष, ’अहं’ का धुर उत्प्रेरक
’ध्यान-धारणा’ योग, सतत संतुष्ट रखे ’मैं’
’प्रेय’ क्षुद्र व्यामोह, ’श्रेय’ निर्वाह करे ’मैं’

’तुम’ ऊर्जा, ’तुम’ प्राणवत, ’तुम’ ’मैं’ का विस्तार
गहन भाव संतृप्त यह, मानवता का सार
मानवता का सार, सदा जग ’तुम’ से सधता
’मैं’ कारक का सूच्य, जगत तो ’तुम’ से चलता
बहु-धारक का भाव, जिये ज्यों खगधारी द्रुम
संज्ञाएँ प्रच्छन्न, धारता हर संभव ’तुम’

’हम’ अद्भुत अवधारणा, ’हम’ अद्भुत संज्ञान
यह समष्टि के मूल का अति उन्नत विज्ञान
अति उन्नत विज्ञान, व्यक्तिवाचक का व्यापन
उच्च भाव संपिण्ड, ’अहं’ का भाव समापन
उच्च मनस का हेतु, ’भाव-कर्ता’ पर संयम
स्वार्थ तिरोहित सान्द्र, तभी हो ’मैं-तुम’ का ’हम’

हर रचनाधर्मी अपने स्वभाव और रुचि के अनुसार रचना रचने के लिये स्वतंत्र है और साहित्य इसी डगर पर चलते हुये हम तक पहुँचा है। अनादि काल से कई रचनाधर्मी अन्तर्मन के गूढ रहस्यों को अपनी लेखनी के कौशल्य से सुलझाते रहे हैं। रचनाधर्मी रचना को अपनी सन्तान की तरह समझते हैं इसलिए अपनी सन्तान को तैयार करने में कोई कोताही नहीं बरतते। अपने तईं रचना में अपने अनुभवों को उँड़ेलते रहते हैं। साहित्य में हर रचनाधर्म का स्वागत होता आया है। सौरभ जी के छंदों को पढ़ कर हृदय शून्य में स्थित तत्व के और अधिक निकट पहुँच जाता है। आप को बहुत-बहुत बधाई।

पोस्ट के दूसरे छंदानुरागी साथी हैं श्याम जी [9415156464] :-

‘मैं’ औ ‘तुम’ हैं एक ही, उसके ही दो भाव ,
जो मिलकर बन जाँय ’हम’, हो मन सहज सुभाव |
हो मन सहज सुभाव, सत्य शिव सुन्दर हो जग,
सरल सुखद, शुचि, शांत सौम्य हो यह जीवन मग |
रहें ‘श्याम’ नहिं द्वंद्व, द्वेष, छल-छंद जगत में,
भूल स्वार्थ ‘हम’ बनें एक होकर ‘तुम’ औ ‘में’  ||

तुम मैं प्रभु! हैं एक ही, लोकनाथ हम आप |
बहुब्रीहि हूँ नाथ मैं, आप तत्पुरुष भाव |
आप तत्पुरुष भाव, लोक के नाथ सुहाए ,
लोक हमारा नाथ, नाथ मेरे मन भाये |
खोकर निज अस्तित्व, मुक्ति पाजाऊँ जग में,
मेरा ‘मैं’ हो नष्ट, लीन होजाए तुम में ||

हम तुम मैं वह आप सब उस ईश्वर के अंश,
फिर कैसा क्यों द्वंद्व दें, इक दूजे को दंश |
इक दूजे को दंश, स्वार्थ अपने-अपने रत ,
परमार्थ को त्याग, स्वयं को ही छलते सब |
अपने को पहचान दूर होजायं सभी भ्रम,
उसी ईश के अंश, श्याम’ सब मैं वह तुम हम ||

सौरभ जी और श्याम जी दौनों हमारे वरिष्ठ साथी हैं और जानकार भी हैं। इस के अलावा पूर्व के अनुभवों के कारण इन दौनों साथियों के छन्द यथावत प्रस्तुत किये गये हैं। श्याम जी ने भी “मैं, तुम और हम” की मीमांसा करने के लिये सभी संदर्भित शब्दों का भरपूर प्रयोग किया है। इस पोस्ट के छह छन्द और विशेष कर सौरभ जी के तीन छन्द यादगार रहेंगे, हाँ..... लेकिन शब्दकोश की सहायता के साथ। श्याम जी और सौरभ जी आप दौनों मञ्च के पुराने साथी हैं इसलिए थोड़ा सा हास्य प्रयोग कर लिया है। आशा करता हूँ इसे पढ़ते हुये मेरी तरह आप के चहरे पर भी मुस्कुराहट होगी। मञ्च पर अपनी यादगार निशानी अंकित करने के लिये आप दौनों का बहुत-बहुत आभार ।

तो साथियो! आनन्द लीजियेगा इन छंदों का, उत्साह वर्धन कीजियेगा अपने साथियों का और हम बढ़ते हैं अगली पोस्ट की ओर।

विशेष: आयोजन अगर लम्बा चलता है तो बाद की पोस्ट्स को पाठक कम मिलते हैं। इसलिए सभी साथियों से निवेदन है कि अपने-अपने छन्द यथाशीघ्र भेजने की कृपा करें। और भाई कोई ज़रा रस परिवर्तन की जोख़िम भी उठाओ :)


नमस्कार