28 मई 2011

चौथी समस्या पूर्ति - घनाक्षरी छन्द - घोषणा

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

पिछले दिनों ‘गौना भला शीत का’ पर काफी ज्ञान वर्धक व उपयोगी चर्चा हुई| पोस्ट से ज्यादा जानकारियाँ टिप्पणियों के माध्यम से प्राप्त हुईं, जिस से साबित हुआ कि इस आयोजन से जुड़े सरस्वती उपासक छंदों के प्रति वाकई गंभीर हैं|


घनाक्षरी का शाब्दिक अर्थ

बात शुरू हुई घनाक्षरी से| हंसराज ‘सुज्ञ’ भाई की जिज्ञासा “घनाक्षरी का शाब्दिक अर्थ क्या है?” पर आदरणीय संजीव वर्मा आचार्य ‘सलिल’ जी ने जो उत्तर दिया, यहाँ एक बार फिर दोहराते हैं:-

  • घनाक्षरी के सस्वर गायन से मेघ-गर्जन की सी अनुभूति होती है|
  • घनाक्षरी में शब्दों का सघन संगुफन (बुनाव) होता है जिससे सकल छंद एक इकाई प्रतीत होता है|
  • घन जिस पर पड़े उसका दमन कर देता है, घनाक्षरी भी श्रोता/पाठक के मन पर छा कर उसे अपने अनुकूल बना लेती है|
  • घनाक्षरी यानि वर्णों / अक्षरों की बारम्बारता| यथा, हर चरण में १६+१५=३१ या कि ८+८+८+७=३१ वर्ण / अक्षर|
मनहर कवित्त और घनाक्षरी

राजेन्द्र भाई ‘स्वर्णकार’ जी ने मनहर कवित्त के बारे में ध्यानाकर्षित किया| हमने भी बचपन में इसे ‘कवित्त’ के रूप में ही सुना, जाना और पहिचाना| बाद में ‘देव’ और ‘रूप’ वाले भेद भी सामने आए| कालांतर में हमने देखा कि लोग इसे घनाक्षरी के रूप में न सिर्फ स्वीकार कर चुके हैं, बल्कि इस पर बड़ी तादाद में रचनाएँ भी आ रही हैं| सोम ठाकुर व कविता किरण जैसे तमाम साहित्य प्रेमियों ने इस छंद पर लिखा है, और लिख रहे हैं|

इस तरह के छंदों के कई प्रकार हैं, उन्हें भविष्य के लिए आरक्षित रख कर, फिलहाल हम सर्व ज्ञात प्रारूप को ही लेते हैं|

आवृत्ति

सभी तरह के उदाहरण मिलते हैं| और जैसा कि सलिल जी ने भी इंगित किया, रचनाधर्मी अपनी सुविधा के अनुसार ‘घन’ का चुनाव करते हैं| शुद्ध रूप ८+८+८+७ = ३१ अक्षर वाला ही है, परन्तु नए पुराने रचनाधर्मियों ने इसे १६+१५=३१ वाले प्रारूप में भी लिखा है| कहीं कहीं १६+१५=३१ अक्षर वाले विधान में ऊपर की पंक्ति को नीचे की पंक्ति से जोड़ने के उदाहरण भी मिलते हैं| पर अग्रजों का मत है कि इस से बचना ही श्रेयस्कर है| उदाहरण ‘ग्वाल’ कवि जी के एक छंद से:-

जिस का जितेक साल भर में ख़रच, तिस्से-
चाहिए तौ दूना, पै, सवाया तौ कमा रहै|

हूरिया परी सी नूर नाजनी सहूर वारी,
हाजिर हमेश होंय, तौ दिल थमा रहै|

‘ग्वाल’ कवि साहब कमाल इल्म सो’बत हो
याद में ग़ुसैंया की हमेश बिरमा रहै|

खाने को हमा रहै, ना काहू की तमा रहै, जो –
गाँठ में जमा रहै, तौ हाजिर जमा रहै||

उपरोक्त छंद के पहले और आखिरी चरण में ऊपर की पंक्ति को नीचे की पंक्ति से जोड़ा गया है, अंडरलाइन वाले हिस्सों पर ध्यान दीजिएगा| इसी से बचने की सलाह देते हैं विद्वतजन| हालांकि, साथ में यह भी कहा जाता है कि कथ्य निर्वाह के लिए इसे बस अपवाद स्वरूप ही लिया जाना चाहिए|


चरण के अंत में गुरु या लघु

एक और बात घनाक्षरी के अंत में गुरु और लघु के विधान बाबत| साधारणतया देखा गया है कि ३१ अक्षरों वाले छंद के अंत में गुरु आता है और ३२ अक्षरों वाले छंद के अंत में लघु| परंतु, जैसा कि हम पहले भी लिख चुके हैं कि इस वृहद चर्चा को न लेते हुये फिलहाल हम सर्व साधारण में प्रचलित चरणांत गुरु अक्षर के साथ ३१ अक्षर वाले छंद पर ही काम करते हैं|


औडियो क्लिप

औडियो क्लिप को यहाँ अपलोड करना नहीं जम रहा| इसलिए तिलक राज कपूर जी एवं कपिल दत्त की आवाज में रिकॉर्ड किए गए दो घनाक्षरी कवित्तों की लिंक यहाँ नीचे दे रहे हैं| पहले आप को इन पर क्लिक करनी है| फिर ये download होने लगेंगे, यही कोई एक मिनट का मसला समझो| उस के बाद download हो चुकी लिंक पर क्लिक कीजिएगा - हाँ स्पीकर तो on रहेगा ही| यदि उसी समय ब्लॉग पर की "सरस्वती वंदना" भी शुरू हो तो एक बारगी उसे stop कर दीजिएगा, या तो उस के पूरे होने की प्रतीक्षा कर लीजिएगा|



तिलक भाई द्वारा गाई गई रचना श्री चिराग जैन जी की है, और कपिल द्वारा गाई गई - मेरी|

चौथी समस्या पूर्ति की घोषणा

  • छन्द - घनाक्षरी छन्द
  • चरण - चार चरण
  • तुकान्त - हर चरण के अंत में तुकान्त समान
  • चरणान्त - प्रत्येक चरण के अंत में गुरु / दीर्घ अनिवार्य
  • आवृत्ति - १६+१५=३१ अक्षर या ८+८+८+७=३१ अक्षर [एक छन्द में कोई भी एक आवृत्ति]
  • पंक्ति - समस्या पूर्ति की पंक्ति को छन्द के किसी भी चरण के उत्तरार्ध / बाद वाले हिस्से में में ले सकते हैं

अब आती है बारी समस्या पूर्ति की पंक्ति की| पिछली बार की तरह हम इस बार भी तीन पंक्तियाँ ले रहे हैं:-

[१]
राजनीति का आखाडा घर न बनाइये
[तुकांत – बनाइये / आइए / न जाइए इत्यादि| नीतिगत]

[२]
देख तेरी सुन्दरता, चाँद भी लजाया है
[तुकांत – आया है / लिखवाया है इत्यादि| श्रंगार रस]

[३]
बन्ने [बन्नो] का बदन जैसे कुतब मीनार है
[तुकांत – सार है / पुकार है इत्यादि| बन्ने या बन्नो में से कोई एक शब्द ही लें| हास्य रस]

नीतिगत, श्रंगार रस और हास्य रस को केंद्र में रख कर ये तीन पंक्तियाँ ली गई हैं| आप किसी एक पंक्ति को ले कर एक छंद या एक से अधिक पंक्ति लेते हुए एक से अधिक छंद प्रस्तुत कीजिएगा| याद रहे एक पंक्ति पर सिर्फ एक ही छंद देना है|

एक और बात - इस छंद में अनुप्रास अलंकार का बहुत सुंदर प्रयोग होता है| हमारी अपेक्षा रहेगी कि कुछ छंद अनुप्रास अलंकार के साथ भी आयें| हमें नहीं लगता कि आप लोगों को इस बारे में बताने की आवश्यकता है,

फिर भी नए मित्रों के लिए –

जब कई शब्दों में एक जैसे अक्षर बार बार आते हैं तो वहाँ अनुप्रास अलंकार का आभास होता है – उदाहरण के लिए – चंदू के चाचा ने चंदू की चाची को चाँदी की म्म से चाँदनी चौक में टनी टाई| या फिर यूँ भी – चारु चंद्र की चंचल किरणें – या फिर - न रंन मंन दनु, मनु रूप सुर भूप – वगैरह, वगैरह| अनुप्रास अलंकार के ऊपर सलिल जी का साहित्य शिल्पी पर एक विस्तृत आलेख है, जिसे पढ़ने के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं|

इस तरह छंदों के साथ साथ रस और अलंकार का भी समावेश होता जाएगा| एक साथ बहुत कुछ करने से बेहतर होगा कि धीरे धीरे थोड़ा थोड़ा करें, ताकि सुगमता से हम उसे आत्म सात भी कर सकें|

=======================================================

विशेष पंक्ति की घोषणा

कुछ साथियों का मंतव्य था कि चौथी समस्या पूर्ति से कुछ नए बदलाव आने चाहिए| उसी क्रम में छन्द-रस-अलंकार का संगम करने के साथ साथ हम एक विशेष पंक्ति की घोषणा भी शुरू कर रहे हैं|जिन्हें रुचि हो, वो इस पंक्ति पर भी छंद प्रस्तुत कर सकते हैं : -

"नार बिन चले ना"

ये नारि नहीं नार है|तुकान्त - ‘चले ना”| अलंकार श्लेष| रस - आपकी मर्जी के मुताबिक| यह वाक्यांश छंद के किसी भी चरण के चतुर्थांश में आ सकता है| पुन: निवेदन - पूर्ण छंद श्लेष अलंकार पर आधारित होना चाहिए|
=======================================================

ये कोई २- ५ हजार या २ – ५ सौ साल पहले की बात नहीं है| चंद दशकों पहले तक छंद हमारे जन-जीवन का अभिन्न अंग थे – कारण तब के समय के अनुसार, तब की भाषा में, तब के विषयों पर छंद रचना होती थी| तो क्यूँ न हम उन्हीं प्रारूपों को प्रयोग में लाते हुए आधुनिक संदर्भों को लक्ष्य में रख कर छंद रचना करें|

तो बस फिर क्या है, उठाइए अपनी अपनी लेखनी, और प्रस्तुत कीजिये अपना अपना सर्वोत्तम| इस आयोजन संबन्धित शंकाएँ तथा आप के छंद भेजिएगा navincchaturvedi@gmail.com पर| हमें विश्वास है इस बार के आयोजन को आप लोग और भी नई ऊँचाइयाँ प्रदान करेंगे|


जय माँ शारदे|

14 टिप्‍पणियां:

  1. अन्यार्थे तु बहुब्रीहो ग्राम: प्राप्तोदको द्विज।
    पंचगू रूपवद्भार्यो मध्याह्न: ससुतादिक:॥
    (जहाँ अन्य अर्थ की प्रधानता हो,उस समास की बहुब्रीहि में गणना होती है)

    जवाब देंहटाएं
  2. आदरणीय संजीव वर्मा आचार्य ‘सलिल’ जी, आप तो विज्ञ है, और गुरूतर भार का निर्वाह करके हमारे तो गुरू आसन पर बिराजमान है। आपने घन के चारों अर्थों को सघन कर, घनाक्षरी को सार्थक कर दिया। अच्छा ज्ञान सहजता से धारण करनें के लक्षण के कारण हम सुज्ञ है।

    जवाब देंहटाएं
  3. भाई इस तरह की चीज़ें देखकर तो हमारा दिल तब भी घबराया करता था जब हम हाई स्कूल में हिंदी पढ़ा करते थे। इसे जानने के बाद आदमी सचमुच स्कॉलर ही बन जाएगा। लेख मालूमाती है।
    धन्यवाद !

    ख़ुशी के अहसास के लिए आपको जानना होगा कि ‘ख़ुशी का डिज़ायन और आनंद का मॉडल‘ क्या है ? - Dr. Anwer Jamal

    जवाब देंहटाएं
  4. आज की समस्या पूर्ति की कोशिश करूंगी मेरे ब्लॉग पर "अंतर मन "
    कविता में धनाक्षरी छंद का प्रयोग करने की कोशिश की थी |
    मेरे ब्लॉग पर भी आएं |और मार्ग दर्शन दे |आभार
    आशा

    जवाब देंहटाएं
  5. शानदार अति ज्ञानवर्धक कड़ियाँ चल रही हैं. मन प्रसन्न हो जाता है आपके प्रयास देख कर. निश्चित ही आप साधुवाद के पात्र है.

    कोशिश अवश्य करेंगे..कुछ तो मथाई में निकलेगा. :) आपका पुनः आभार समस्त विद्वजनों के साथ.

    जवाब देंहटाएं
  6. घनाक्षरी / मनहरण कवित्त
    (योगराज प्रभाकर)

    Encyclopedia of Sikh Literature
    Guru Shabd Ratnakar
    Mahaan-Kosh
    By Bhai Kahan Singh Nabha ji.
    Excerpts from page no. 1577-1579



    (अ) घनाक्षरी : यह छंद "कबित्त" का ही एक रूप है, लक्षण - प्रति चरण ३२ अक्षर, ८-८ अक्षरों पर विश्राम, अंत २ लघु !


    निकसत म्यान ते ही, छटा घन म्यान ते ही
    कालजीह लह लह, होय रही हल हल,
    लागे अरी गर गेरे, धर पर धर सिर,
    धरत ना ढहर चारों, चक्क परैं चल चल !

    (आ) घनाक्षरी का दूसरा रूप है "रूप-घनाक्षरी", लक्षण: प्रति चरण ३२ अक्षर, १६-१६ पर दो विश्राम, इक्त्तीस्वां (३१ वाँ) दीर्घ, बत्तीसवां (३२ वाँ ) लघु !
    मिसाल :

    अबिचल नगर उजागर सकल जग
    जाहर जहूर जहाँ जोति है जबर जान
    खंडे हैं प्रचंड खर खड़ग कुवंड धरे
    खंजर तुफंग पुंज करद कृपान बान !

    (इ) घनाक्षरी का तीसरा रूप है "जलहरण", लक्षण: रूप है प्रति चरण ३२ अक्षर, १६-१६ पर दो विश्राम, इक्त्तीस्वां (३१ वाँ) लघु, बत्तीसवां (३२ वाँ ) दीर्घ, !

    देवन के धाम धूलि ध्व्स्न कै धेनुन की
    धराधर द्रोह धूम धाम कलू धांक परा
    साहिब सुजन फ़तेह सिंह देग तेग धनी
    देत जो न भ्रातन सो सीस कर पुन्न हरा !

    (ई) घनाक्षरी का चौथा रूप है "देव-घनाक्षरी", लक्षण: रूप है प्रति चरण ३३ अक्षर, तीन विश्राम ८ पर, चौथा ९ पर, अंत में "नगण " !

    सिंह जिम गाजै सिंह,
    सेना सिंह घटा अरु,
    बीजरी ज्यों खग उठै,
    तीखन चमक चमक

    जवाब देंहटाएं
  7. घनाक्षरी छंद के बारे में जानकर बड़ा अच्‍छा लगा। समस्‍या पूर्ति की ओर भी शीघ्र प्रयास किया जाएगा। लेकिन कक्षा में उपस्थिति नियमित रहेगी। आपका आभार।

    जवाब देंहटाएं
  8. घनाक्षरी पर विस्तृत चर्चा पढ़ने को मिल रही है। एक लघुशोध ही तैयार हो गया है। छंद प्रेमियों के लिए यह बहुत अच्छी बात है।
    शुभकामनाएं।

    जवाब देंहटाएं
  9. बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं चतुर्वेदी जी ....साधुवाद स्वीकारें
    प्रयास करूंगा अवश्य ...

    जवाब देंहटाएं
  10. आपकी पोस्ट आज के चर्चा मंच पर प्रस्तुत की गई है ,.
    कृपया पधारें
    चर्चा मंच

    जवाब देंहटाएं
  11. समस्‍या पूर्ति में आपने तीन पंक्तियां दी है, इनमें से एक पंक्ति से तीन पद बनाए हैं। बहुत कमियां होंगी लेकिन आपकी सेवा में प्रस्‍तुत कर रही हूँ इस आशा से कि सुधार होगा।

    प्रेम तो बिसरा दिया, मन बैठ गयी सत्ता
    राजनीति का अखाड़ा, घर ना बनाइए।

    बेटे का सवाल सुन, बाप हकबक रहे
    पैसा कौड़ी सारा अब, मुझको बताइए।

    बहुएं बोली सास को, बेटों को सिखाया नहीं
    मै तो चली काम पर, घर को सम्‍भालिए।

    जवाब देंहटाएं
  12. कृपया अपने छन्द यहाँ पोस्ट न करें बल्कि navincchaturvedi@gmail.com पर भेजने की कृपा करें

    जवाब देंहटाएं
  13. आदरणीय नवीन जी, यदि छंदों को यहाँ प्रस्‍तुत नहीं करेंगे तो हम एक-दूसरे से प्रेरित नहीं हो पाएंगे और ना ही दूसरों के छंदों से कुछ सीख पाएंगे। वैसे आपकी ऐसी ईच्‍छा है तो हम यही करेंगे। मैंने केवल अपना सुझाव दिया था।

    जवाब देंहटाएं
  14. बहुत अच्छी जानकारी है नवीन भाई, बधाई स्वीकार कीजिए।

    जवाब देंहटाएं