यह जगत है, अद्भुत परीक्षा - पत्र जीवन के लिये

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन

छंदों पर बात हो और विभिन्न मत सामने न आयें, ऐसा हो ही नहीं सकता। भाई पढे-लिखे लोग ही तो विवेचना करते हैं। हरिगीतिका छंद पर भी कई सारे बिन्दु सामने आए हैं। बहरहाल, मंच का प्रयास है कि पाँच लाख चौदह हजार दो सौ उनतीस प्रकार के २८ मात्रा वाले यौगिक छंदों में से एक - इस समस्या पूर्ति में वर्णित - हरिगीतिका छंद पर ही फिलहाल काम किया जाए। एक बार छंद से प्रेम हो गया, तो बाकी काम तो आगे बढ़ते रहने का है, और वो चलता रहेगा, चलता रहना भी चाहिए। तभी तो उत्कर्ष होगा।

पहले अजित दीदी, फिर साधना दीदी और उस के बाद सौरभ जी के छंदों ने जैसे सम्मोहित कर दिया है। आज उसी कड़ी में हम साहित्य के लालित्य को गरिमा प्रदान करते भाई महेंद्र वर्मा जी के छंदों को पढ़ते हैं।




त्यौहार / पर्व

अनेकता में एकता

जिस देश में बहु-पर्व हैं, वह, देश भारतवर्ष है। 
चहुँ ओर विसरित हर्ष है, या, हर्ष का उत्कर्ष है।।
बहु सभ्यता, बहु भाषिता, बहु - वेष-भूषा-धर्म हैं। 
पर एकता-सद्भावना ही, शांति विषयक मर्म हैं।१।


कसौटी / परीक्षा

प्रयास


यह जगत है, अद्भुत परीक्षा - पत्र जीवन के लिये। 
कुछ तो सरल से प्रश्न, बहुधा, हैं - कठिन बस झेलिये।।
जो लोग होते सफल उनका, नाम जीवनमुक्त है। 
पर जो हुआ असफल, वही, आवागमन से युक्त है।२।

अनुरोध

पौधे लगाएँ

वरदान जो हमको मिला है, सृष्टि से वह जानिए। 
इस विश्व के परिआवरण का, संतुलन न बिगाडि़ए।।
अब आपसे अनुरोध है, यह - वृक्ष-वंश़ बचाइये।
ये पेड़-पौधे पूज्य हैं दो - चार और लगाइये।३।

विद्वानों का मानना है कि छंद एक फॉर्मेट होता है जिस पर विभिन्न कवियों को अपनी अपनी कल्पना के अनुसार बहुरंगी रचनाओं को प्रस्तुत करना चाहिए। छंद का मतलब किसी एक ढर्रे विशेष पर ही लिखना नहीं होता है। वरन व्यक्ति, वस्तु, वास्तु, स्थिति, परिस्थिति, देशकाल और वातावरण के अनुसार गढ़ी गईं रचनाएँ ही सार्थक सृजन का तमगा हासिल करती हैं। विविध रस और विविध विषय आधारित रचनाएँ ही साहित्य को समृद्ध करती है।

पहले कुण्डलिया और फिर घनाक्षरी छंद आधारित समस्या पूर्तियों में अपनी लेखनी के ज़ौहर दिखला चुके महेंद्र भाई ने इस बार भी जिस सरल भाषा में हरिगीतिका छंद प्रस्तुत किए हैं, वह बानगी देखते ही बनती है। बात पर्यावरण को 'परिआवरण' [परि + आवरण = पर्यावरण] लिखने की हो या फिर जीवन के अद्भुत परीक्षा पत्र की कल्पना और उस से जुड़ी जीवन मुक्ति - आवागमन के झंझट का विवेचन हो या फिर अनुरोध को पेड़-पौधों से जोड़ने वाला प्रयोग हो - आपने चौंकाने का पूरा पूरा प्रबंध किया है इस बार भी।

झाँझ-मंजीरा

सरिता जैसा प्रवाह और झांझ-मंजीरे की ताल जैसी लयात्मकता शुरू से अंत तक बांधे रखने में सक्षम है। यह लयात्मकता ही सद्य-वर्णित हरिगीतिका छन्द की विशेषता है। हरिगीतिका छंदों के उत्कृष्ट उदाहरणों में शामिल होने को आतुर इन छंदों पर आप अपनी बेबाक राय रखिए और हम फिर से तैयारी करते हैं एक अगली पोस्ट की।

समस्या पूर्ति मंच की पोस्ट्स को अब फेसबुक से इंटीग्रेट कर दिया गया है। फेसबुक अकाउंट का प्रयोग करते हुए अब इस पोस्ट को लाइक / शेयर किया जा सकता है।

जय माँ शारदे!

‘लकीर के फकीर’ विश्व का यही विधान है

अतीत से समाज की विडम्बना समान है।
‘लकीर के फ़क़ीर’ विश्व का यही विधान है।।
अबाध वेग से यही प्रभायमान हो रहा।
समाज के लिये मरे, वही मनुष्य रो रहा।१।

चलो कि ये विधान मोड़ के रचें नवीनता।
चलो कि आज छीन लायँ वक़्त से मलीनता।।
समस्त दिग्दिगांत झूम जायँ वो प्रयास हो।
अखण्ड मानवाधिकार तत्व का विकास हो।२।

==============

पञ्चचामर छन्द


चार चरण का वर्णिक छंद 
प्रत्येक चरण में लघु गुरु के क्रम से सोलह वर्ण / अक्षर 
ल ला - ल ला - ल ला - ल ला - ल ला - ल ला - ल ला - ल ला

रावण रचित शिव ताण्डव स्तोत्र 
जटाटवीगलज्जल प्रवाहपावितस्थले 
गलेऽवलम्ब्य लम्बितां भुजंगतुंगमालिकाम्‌।  
डमड्डमड्डमड्डमनिनादवड्डमर्वयं   
 चकार चंडतांडवं तनोतु नः शिवः शिवम 

तथा राष्ट्रकवि जयशंकर प्रसाद विरचित 
हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती
स्वयंप्रभा समुज्वला स्वतंत्रता पुकारती
अमर्त्य वीर पुत्र हो दृढ़-प्रतिज्ञ सोच लो
प्रशस्त पुण्य पंथ हैं - बढ़े चलो बढ़े चलो ॥


इसी छंद में हैं

प्रेम शांति का द्वार बने

कुछ अपनी कुछ औरों की| बातें कलियों-भँवरों की||
तन आकुल औ व्याकुल मन| राम कहानी सा जीवन|१|

इश्क मुहब्बत की बातें| कम पड़तीं जिन को रातें||
दिल का मर्ज़ अनोखा है| फिर भी लगता चोखा है|२|

प्यार बिना सूना जीवन| स्नेह सिक्त जीवन बंधन|
प्रेम तीर्थ की पूजा है| काम न ऐसा दूजा है|३|

प्रेम जीव की चाहत है| प्रेम सभी की हसरत है|
प्रेम पक्ष ही शास्वत है| विश्व, प्रेम की मूरत है|४| 

जिसका व्याप सघन इतना| जिसका अर्थ महान घना|
मानवता की जो रचना| वो फिर क्यूँ जंजाल बना|५|

प्रेम तत्व जब बढ़ता है| साथ दम्भ भी चढ़ता है|
नर अपनों से लड़ता है| यही दम्भ दुःख गढ़ता है|६|

बँटवा दो लिख कर पर्चे| ख़त्म होंय दम्भी चर्चे|
प्रेम प्रेम बस प्रेम रहे| दिल में ममता क्षेम रहे|७|

हर मनुष्य प्रेमातुर हो| कहीं न कोइ भयातुर हो|
प्रेम भाल का चन्दन हो| प्रेम दिलों की धड़कन हो|८|

जीवन का यह सार बने| हर शै का आधार बने|
प्रेम बात व्यवहार बने| प्रेम शांति का द्वार बने| |९| 

==========
मानव छंद 

अनजाने में लिखे गए इस छंद को जब किसी नाम से जोड़ने का प्रयत्न किया तो यह 14 मात्रा वाले मानव [साधारण] छंद के अधिक निकट लगा। यूं तो मानव जाति के छंदों के भी अनेक भेद होते हैं, परंतु इस साधारण स्वरूप को मानव छंद के रूप में ही स्वीकार कर लिया है मैंने तो। आ. नारायण दास जी द्वारा विरचित पुस्तक 'हिन्दी छंदोलक्षण' में भी कुछ कुछ ऐसा ही इशारा किया गया है। 

 चार चरणों वाला मात्रिक छंद 
प्रत्येक चरण में 14 मात्रा 
अंत में एक या दो गुरु वर्ण / अक्षर का विधान 
परंतु अंत में दो लघु भी स्वीकार्य देखे गए हैं