सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन
आ. श्याम गुप्त जी के नाम से शायद ही कोई काव्य रसिक ब्लॉगर हो, जो अपरिचित हो। छंद और साहित्य से इन का जुड़ाव जगजाहिर है। अगीत विधा पर आप ने काम किया है। स्वभाव से ही प्रयोगधर्मी और शूर्पणखा जैसे विषय पर अपनी लेखनी चला चुके श्याम जी के हरिगीतिका छंद शोभायमान कर रहे हैं आज की पोस्ट को
अनुरोध है हरिगीतिका में छंद एक रचाइए।
सुंदर सरस शब्दावली में उचित भाव सजाइए।।
सोलह तथा बारह कला फिर अंत में लधु-दीर्घ हो।
सोलह तथा बारह कला फिर अंत में लधु-दीर्घ हो।
मिल जाय शुभ शुचि छंद कोई पूर्ण यह अनुरोध हो ।१।
['कला' यानि 'मात्रा', हरिगीतिका छंद के बारे लिखने का अनुरोध कर रहे हैं श्याम जी]
त्यौहार प्रिय मानव जगत में सौख्य का आधार है।
उत्सव जहां होते न वह भी क्या भला संसार है ?
त्यौहार बिन जीवन-जगत बस व्यर्थ का व्यापार है।
त्यौहार बिन जीवन-जगत बस व्यर्थ का व्यापार है।
हिल मिल उठें बैठें चलें यह भाव ही त्यौहार है।२।
[वाक़ई उत्सव विहीन संसार का मज़ा ही क्या है, और त्यौहार की व्याख्या तो भई वाह,
क्या कहने हैं इस परिभाषा के]
हर इक कसौटी पर सफल तिय, कार्य दक्ष सदा रही ।
युग-श्रम विभाजन के समय थी पक्ष में गृह के वही।।
हाँ, चाँद -सूरज की चमक थी क्षीण उसकी चमक से ।
हाँ, चाँद -सूरज की चमक थी क्षीण उसकी चमक से ।
वह चमक आज विलीन है निज देह- दर्शन दमक से।३।|
तिय = स्त्री
जाहिर सी बात है हर सिक्के के दो पहलू होते हैं| रचनाधर्मियों का यह कर्तव्य बनता है कि उन दोनों पहलुओं पर ईमानदारी से अपनी राय व्यक्त करें| उस परिपाटी का ही अनुपालन करते हुए छंद से छंद निकालने के क्रम में श्याम जी ने गढ़ा यह तीसरा छंद। साधना दीदी की पोस्ट के छंद 'है आज की नारी निपुण हर कार्य में वह दक्ष है" से प्रस्फुटित हुई थी इस छंद की प्रेरणा। आ. प्रतुल जी ने भी इस छंद की काफी तारीफ की थी तभी। पुराने समय में जब मंचों पर समस्या पूर्ति का बोलबाला हुआ करता था,उस ज़माने में कवि एक दूसरे के छंदों के ऊपर न केवल ऐसे ही प्रस्तुतियाँ देते थे, वरन तार्किक अभिव्यक्तियों पर खुल कर दाद भी देते थे| प्रात:स्मरणीय परमादरणीय गुरूजी स्व. कविरत्न श्री 'प्रीतम' जी के साथ अटेंड किये गए कुछ कार्यक्रमों में ऐसे कुछ अनुभवों से साक्षात्कार हुआ था| उस पुरातन काल को पुन: जीवंत करने के लिए श्याम भाई जी का बहुत बहुत आभार। सकारात्मक सृजन का यह क्रम आगे भी जारी रहे।
श्याम जी के छंदों पर आप अपनी बहुमूल्य राय प्रस्तुत करें और हम तैयारी करते हैं अगली पोस्ट की।
जय माँ शारदे!
[सभी चित्र गूगल से साभार]