त्यौहार बिन जीवन-जगत बस व्यर्थ का व्यापार है

सभी साहित्य रसिकों का सादर अभिवादन




आ. श्याम गुप्त जी के नाम से शायद ही कोई काव्य रसिक ब्लॉगर हो, जो अपरिचित हो। छंद और साहित्य से इन का जुड़ाव जगजाहिर है। अगीत विधा पर आप ने काम किया है। स्वभाव से ही प्रयोगधर्मी और शूर्पणखा जैसे विषय पर अपनी लेखनी चला चुके श्याम जी के हरिगीतिका छंद शोभायमान कर रहे हैं आज की पोस्ट को 





अनुरोध है हरिगीतिका में छंद एक रचाइए।
सुंदर सरस शब्दावली में उचित भाव सजाइए।। 

सोलह तथा बारह कला फिर  अंत में लधु-दीर्घ हो।
मिल जाय शुभ शुचि छंद कोई पूर्ण यह अनुरोध हो ।१।

['कला' यानि 'मात्रा', हरिगीतिका छंद के बारे लिखने का अनुरोध कर रहे हैं श्याम जी]



त्यौहार प्रिय मानव जगत में सौख्य का आधार है।
उत्सव जहां होते न वह भी  क्या भला  संसार है ?

त्यौहार बिन जीवन-जगत बस व्यर्थ का व्यापार है।
हिल मिल उठें बैठें चलें यह भाव ही त्यौहार है।२।

[वाक़ई उत्सव विहीन संसार का मज़ा ही क्या है, और त्यौहार की व्याख्या तो भई वाह, 
क्या कहने हैं इस परिभाषा के]
हर इक कसौटी पर सफल तिय, कार्य दक्ष सदा रही ।
युग-श्रम विभाजन के समय थी पक्ष में गृह के वही।।

हाँ, चाँद -सूरज की चमक थी क्षीण उसकी चमक से । 
वह चमक आज विलीन है निज देह- दर्शन दमक से।३।|
 तिय = स्त्री

जाहिर सी बात है हर सिक्के के दो पहलू होते हैं| रचनाधर्मियों का यह कर्तव्य बनता है कि उन दोनों पहलुओं पर ईमानदारी से अपनी राय व्यक्त करें| उस परिपाटी का ही अनुपालन करते हुए छंद से छंद निकालने के क्रम में श्याम जी ने गढ़ा यह तीसरा छंद। साधना दीदी की पोस्ट के छंद 'है आज की नारी निपुण हर कार्य में वह दक्ष है" से प्रस्फुटित हुई थी इस छंद की प्रेरणा। आ. प्रतुल जी ने भी इस छंद की काफी तारीफ की थी तभी। पुराने समय में जब मंचों पर समस्या पूर्ति का बोलबाला हुआ करता था,उस ज़माने में कवि एक दूसरे के छंदों के ऊपर न केवल ऐसे ही प्रस्तुतियाँ देते थे, वरन  तार्किक  अभिव्यक्तियों  पर  खुल  कर  दाद  भी  देते  थे| प्रात:स्मरणीय परमादरणीय  गुरूजी  स्व. कविरत्न श्री 'प्रीतम' जी के साथ अटेंड किये गए कुछ कार्यक्रमों में ऐसे कुछ अनुभवों से साक्षात्कार हुआ था|  उस पुरातन काल को पुन: जीवंत करने के लिए श्याम भाई जी का बहुत बहुत आभार। सकारात्मक सृजन का यह क्रम आगे भी जारी रहे।

श्याम जी के छंदों पर आप अपनी बहुमूल्य राय प्रस्तुत करें और हम तैयारी करते हैं अगली पोस्ट की।


जय माँ शारदे!
[सभी चित्र गूगल से साभार]

गुजर गया एक साल

नमस्ते

मई २०१० में ठाले बैठे ब्लॉग रजिस्टर जरुर कर लिया था, पर विधिवत शुरुआत हो पायी अक्टूबर २०१० से| पिछले एक साल में धीरे धीरे ब्लोगिंग को समझा, अभी भी समझ रहा हूँ| बहुत सारे अच्छे दोस्त मिले| जिस से जो मिला, सीखने की पूरी पूरी कोशिश की| कुछ मित्रों की नाराज़ियाँ भी मिलें, बट डेट्स पार्ट ऑफ़ द शो| एक अलग सा परिवार ही बन गया है यहाँ| जिन्हें कभी देखा नहीं,  जिनसे कभी मिले नहीं - उन से अद्भुत सा रिश्ता बन गया है यहाँ पर| ब्लॉग के शुरुआती दिनों में जिन लोगों ने मदद की, उन्हें कभी भुला न पाऊंगा| समय समय पर आप लोगों का उत्साह वर्धन आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा| टिप्पणियों को ले कर बहुत सारे अपनों ने बाकायदा चेट या फोन के माध्यम से उन्हें फिर से ओपन करने के लिए कहा है तो उन की इस आदेशात्मक सस्नेह सलाह को शिरोधार्य करते हुए आज इस पोस्ट से टिप्पणियों को फिर से ओपन कर रहा हूँ|

इसी दरम्यान वातायन और समस्या पूर्ति नामक दो ब्लॉग भी चालू किये| समस्या पूर्ति ब्लॉग पर छंद साहित्य पर काम चल रहा है| और वातायन पर अन्य कवि-शायरों की कृतियों को साझा किया गया| वातायन के अंतर्गत प्रकाशन के लिए जो रचनाएँ आयी हैं, जिनमें छंद और ग़ज़लें दोनों ही शामिल हैं, काफी रोचक हैं, पढियेगा अवश्य| शीघ्र ही उन का प्रकाशन आरम्भ होगा|


मल्टीपल ब्लॉग चलाना वाकई दुष्कर है| इसलिए अब वातायन की नयी पोस्ट्स यहीं ठाले बैठे पर ही लगाने की सोच रहा हूँ| पुरानी पोस्ट्स को वहीं रखते हुए एक पेज पर उन की लिंक्स  दे कर और उसी पेज पर नयी पोस्ट्स की लिंक देना जारी रखूं - जैसा कि मनोज भाई ने किया है, या फिर इस के लिए कुछ और विकल्प भी हैं? आप की सलाह देने की कृपा करें|
 
विगत समय में यदि मुझसे जाने अनजाने में कोई भूल हो गयी हो, तो मैं उस के लिए क्षमा प्रार्थी हूँ| आप लोगों के आशीर्वाद और सहयोग की वज़ह से ही यहाँ तक का सफ़र मुमकिन हो पाया है, आशा ही नहीं बल्कि पूरा पूरा विश्वास है कि यह सौभाग्य मेरे हिस्से सदैव आता रहेगा|

 
प्रणाम